सम्बंधित जानकारी
- Weather Update : दिल्ली समेत कई शहरों में 'कोल्ड डे', इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
- Weather update: उत्तर भारत में रहेगी कड़ाके की ठंड, जानिए कब मिलेगी राहत
- Weather update : बर्फीली हवाओं ने ढाया कहर, दिल्ली में कड़ाके की ठंड
- Weather update : उत्तर भारत में शीतलहर का कहर जारी, दिल्ली में आज सबसे ठंडा दिन
- Weather Update : राजस्थान के इस शहर में पारा 0.5 डिग्री, जानिए क्या है अन्य शहरों का तापमान
Weather update : दिल्ली में इस मौसम का सबसे कम तापमान, हिमाचल में पारा शून्य से नीचे
नई दिल्ली/शिमला। दिल्ली में शनिवार को भी ठंड का प्रकोप जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान गिरकर इस सीजन में सबसे कम 3.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश के केलांग में तापमान शून्य से नीचे 12.1 डिग्री सेल्सियस पर चला गया है। केलांग, कल्पा, मनाली, सोलन, चंबा और मंडी में बीते 24 घंटे के दौरान तापमान शून्य से नीचे चला गया है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, शहर के मौसम से संबंधित आंकड़े उपलब्ध कराने वाली सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में हिमालयी क्षेत्र से चली सर्द हवाओं का प्रकोप जारी है और लोधी रोड पर तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को जाफरपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 2.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था।
वहीं हिमाचल प्रदेश के केलांग में तापमान शून्य से नीचे 12.1 डिग्री सेल्सियस पर चला गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि केलांग, कल्पा, मनाली, सोलन, चंबा और मंडी में बीते 24 घंटे के दौरान तापमान शून्य से नीचे चला गया है।
शिमला मौसम केन्द्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि जनजातीय बहुल लाहौल-स्पीति जिले का प्रशासनिक केन्द्र केलांग शून्य से 12.1 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है। उन्होंने कहा कि किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। वहीं मनाली में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।
सिंह ने बताया कि सोलन में शून्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम, मंडी में शून्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम और चंबा में शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा।(भाषा)
