• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. weather news imd forecast severe heat wave warning for northwest india
Last Modified: नई दिल्ली , रविवार, 19 मई 2024 (21:37 IST)

कब तक पड़ेगी भीषण गर्मी, कितने दिन झेलनी होगी लू की तपिश, IMD ने दी जानकारी

Heat
weather news : भारत के बड़े हिस्से में रविवार को भीषण गर्मी के कारण दैनिक जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ में तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम में अब तक देश में सबसे अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की जानकारी दी है। 
 
यहां तक कि हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाके भी भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को उत्तर पश्चिम भारत में 'हीट वेव से लेकर गंभीर हीट वेव' की भी चेतावनी दी। धर्मशाला में अधिकतम तापमान 36 डिग्री, ऊना में 44.4 डिग्री, बिलासपुर में 42.4 डिग्री, सोलन में 36.6 डिग्री और कांगड़ा में 40 डिग्री तक पहुंच गया।
इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट : मौसम कार्यालय ने दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी कर "संवेदनशील लोगों की अत्यधिक देखभाल" की आवश्यकता पर जोर दिया है। उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 
 
23 मई तक रेड अलर्ट : आईएमडी का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में 'हीट वेव से लेकर गंभीर हीटवेव' की स्थिति जारी रहने और अगले पांच दिनों में मध्य और पूर्वी भारत तक फैलने की उम्मीद है। इसने कम से कम 23 मई तक पूरे उत्तर पश्चिम भारत में भीषण गर्मी की रेड अलर्ट जारी की है।
 
8 जगहों पर 47 से पार हुआ पारा : भारत में कम से कम आठ स्थानों पर पारा 47 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा दर्ज किया गया, नजफगढ़ में तापमान 47.8 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे यह पिछले तीन दिन में दूसरी बार देश का सबसे गर्म स्थान बन गया। हवाई अड्डा स्थल मौसम डेटा के एक नए विश्लेषण के अनुसार, दिल्ली में पिछले 10 वर्षों में 1,557 दिन (लगभग 43 प्रतिशत) तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया है।
 
इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर एनवायरमेंट एंड डेवलपमेंट (आईआईईडी) के अनुसार, घनी आबादी वाले शहर दिल्ली में 2004 से 2013 के बीच 1,254 दिन (लगभग 34 प्रतिशत) और 1994 से 2003 के बीच 1,180 दिन (लगभग 32 प्रतिशत) तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था।
 
एमपी, गुजरात, राजस्थान में भीषण गर्मी : राजस्थान के गंगानगर में पारा 46.7 डिग्री, मध्य प्रदेश के दतिया में 47.5 डिग्री, हरियाणा के सिरसा में 47 डिग्री और नूंह में 47.2 डिग्री, पंजाब के बठिंडा में 46.4 डिग्री, आगरा में 47.7 डिग्री और उत्तर प्रदेश के झांसी में 47.2 डिग्री तक पहुंच गया। गुजरात के तटीय इलाकों में भी तेज़ गर्मी और उमस ने निवासियों को परेशान किया। इनपुट भाषा