• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Those who left Congress cry in front of my mother Sonia, say we cannot fight BJP
Last Modified: सोमवार, 18 मार्च 2024 (15:04 IST)

कांग्रेस छोड़ने वाले मेरी मां सोनिया के सामने रोते हैं, कहते हैं हम भाजपा से नहीं लड़ सकते

राहुल गांधी के बयान का पूर्व मुख्‍यमंत्री अशोक चव्हाण ने किया खंडन

rahul gandhi
Ashok Chavan on Rahul Gandhi: मुंबई रैली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दावा किया था कि महाराष्ट्र के एक नेता ने उनकी मां सोनिया गांधी के सामने रोते हुए कहा था कि उन्हें शर्म आती है कि वह भाजपा से नहीं लड़ सकते और वह जेल नहीं जाना चाहते। हालांकि भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व मुख्‍यमंत्री अशोक चव्हाण ने इसका खंडन किया है।
 
भाजपा के राज्यसभा सदस्य अशोक चव्हाण ने सोमवार को कहा कि वे कांग्रेस छोड़ने से पहले पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से नहीं मिले थे और इस बाबत राहुल गांधी की टिप्पणी को उन्होंने ‘बेबुनियाद’ बताकर खारिज कर दिया।
क्या कहा था राहुल ने : लोकसभा चुनाव से पहले रविवार को मुंबई में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दावा किया था कि महाराष्ट्र के एक नेता ने उनकी मां सोनिया गांधी के सामने रोते हुए कहा था कि उन्हें शर्म आती है कि वह इस ताकत से और नहीं लड़ सकते और वह जेल नहीं जाना चाहते।
 
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए चव्हाण ने सोमवार को एक वीडियो संदेश में कहा कि राहुल गांधी ने रविवार को एक रैली में बयान दिया और किसी का नाम नहीं लिया है।
 
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर वह मेरे बारे में ऐसा कह रहे हैं तो यह अतार्किक और बेबुनियाद है। सच तो यह है कि कांग्रेस से इस्तीफा देने तक मैं पार्टी मुख्यालय में काम कर रहा था।
 
उन्होंने कहा कि मैंने विधायक पद से इस्तीफा दिया और कुछ देर बाद पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया। तब तक किसी को नहीं पता था कि मैंने इस्तीफा दे दिया है।
मैं सोनिया से नहीं मिला : चव्हाण ने कहा कि मैं सोनिया गांधी से कभी नहीं मिला। यह कहना बेबुनियाद है कि मैंने सोनिया गांधी से मुलाकात की और अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। यह चुनाव के दृष्टिकोण से दिया गया एक राजनीतिक बयान है।
 
कांग्रेस छोड़ने के बाद चव्हाण भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में उन्हें महाराष्ट्र से टिकट दिया था। बाद में वह राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए। (भाषा/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
ये भी पढ़ें
जो चीज़ आपकी प्‍लेट में परोसा जा रहा जानते हैं कितना खतरनाक है हेल्‍थ के लिए, जानिए डायटीशियन से