• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. sound of cold started in Delhi-NCR
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 20 अक्टूबर 2023 (09:21 IST)

Weather Update: दिल्ली-NCR में ठंड की आहट, इन राज्यों में बारिश की संभावना

Weather Update: दिल्ली-NCR में ठंड की आहट, इन राज्यों में बारिश की संभावना - sound of cold started in Delhi-NCR
Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) की वजह से सोमवार को बारिश हुई। इससे दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) के मौसम में बदलाव आया है। अब रात और सुबह के वक्त लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। धूप निकलने के बावजूद मौसम सुहावना बना हुआ है। अब मौसम विभाग (IMD) ने इस वीकेंड के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी किया है।
 
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार आज यानी शुक्रवार से दिन और रात के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़त होगी। इसके साथ ही हवाओं की दिशा भी बदलकर उत्तर-पश्चिम से उत्तर की ओर हो जाएगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 6 दिनों तक दिल्ली-एनसीआर का न्यूनतम तापमान (Delhi NCR Weather Forecast) 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रह सकता है। इस दौरान मौसम साफ रहने का अनुमान है जिससे दिन में धूप भी चटक खिली रहेगी। इससे लोगों को सुहावने मौसम का अहसास होगा।
 
दक्षिण-पूर्वी राजस्थान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों पर है। दक्षिण-पूर्व समुद्र के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र और पूर्व मध्य अरब सागर से जुड़ रहा है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण मध्य-क्षोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है। निम्न दबाव क्षेत्र के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और अगले 24 घंटों के दौरान अच्छी तरह से चिह्नित होने की संभावना है और 21 अक्टूबर के आसपास मध्य अरब सागर के ऊपर एक डिप्रेशन में और अधिक तीव्र होने की संभावना है।
 
चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बने चक्रवाती परिसंचरण से लेकर श्रीलंका होते हुए कोमोरिन क्षेत्र तक फैली हुई है। 22 अक्टूबर को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत के पास पहुंचने की संभावना है।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymet weather) आज शुक्रवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
 
तटीय आंध्रप्रदेश, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में हल्की बारिश संभव है। 21 और 22 अक्टूबर को पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट हल्की बारिश संभव है। अगले 2 से 3 दिनों के लिए लक्षद्वीप, दक्षिण-पूर्व अरब सागर और मध्य अरब सागर में मछुआरों को चेतावनी दी गई है।
 
Edited by: Ravindra Gupta