शनिवार, 28 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Snowfall and rain in North India including Kashmir
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , शनिवार, 11 नवंबर 2023 (09:46 IST)

उत्तर भारत में बर्फबारी-बारिश से लुढ़का पारा, बद्रीनाथ में कितना है तापमान?

उत्तर भारत में बर्फबारी-बारिश से लुढ़का पारा, बद्रीनाथ में कितना है तापमान? - Snowfall and rain in North India including Kashmir
Weather Updates: बरसात के बिदाई के बाद अब धीरे-धीरे ठंड बढ़ती जा रही है। हिमाचल, उत्तराखंड सहित जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को बर्फबारी और बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई। भूस्खलन से जहां कश्मीर का सड़क मार्ग से देश-दुनिया का संपर्क कट गया, वहीं हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के बाद अटल टनल के आसपास, रोहतांग दर्रा, शिकारी देवी और कमरूनाग में पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। बद्रीनाथ धाम में अचानक मौसम बदलने से पारा गिरकर 1 डिग्री पहुंच गया।
 
कश्मीर के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी हुई। कश्मीर में शीतलहर चल रही है हालांकि दोपहर बाद कई इलाकों में मौसम खुल गया था और 14 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा। बद्रीनाथ धाम में अचानक मौसम बदलने से पारा गिरकर 1 डिग्री पहुंच गया। इसके चलते धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम बदलने से धाम में शीतलहर चल रही है जिससे यात्री ठंड से कांपते नजर आ आए।
 
गुलमर्ग में पहली बर्फबारी : विश्वविख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। बर्फ जमा होने के कारण गुरेज-बांदीपोरा और सिंथन टॉप मार्ग यातायात के लिए बंद कर दिए गए हैं। श्रीनगर में 26.7 मिलीमीटर बारिश के साथ दिन का तापमान 8.1 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पश्चिमी हिमालय पर बना पश्चिमी विक्षोभ पूर्व की ओर बढ़ रहा है। एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण मध्य पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों पर है। पूर्वी मध्य अरब सागर पर निम्न दबाव का क्षेत्र कम चिह्नित हो गया है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। 15 नवंबर के आसपास बंगाल के दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज शनिवार को कोंकण और गोवा कर्नाटक केरल तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप, आंध्रप्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पंजाब हरियाणा दिल्ली और उत्तरप्रदेश में हल्की बारिश संभव है।
 
Edited by: Ravindra Gupta