शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. severe cold in north india
Written By
Last Updated : मंगलवार, 3 जनवरी 2023 (09:09 IST)

Weather Updates: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, बर्फीली हवाओें ने बढ़ाई परेशानी, IMD ने जारी किया अलर्ट

Weather Updates: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, बर्फीली हवाओें ने बढ़ाई परेशानी, IMD ने जारी किया अलर्ट - severe cold in north india
नई दिल्ली। नए साल की शुरुआत के साथ ही कड़ाके की ठंड का जोर दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड के मद्देनजर लखनऊ में 7 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। दिल्ली में मंगलवार को मुख्य रूप से आसमान साफ रहने और न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 7 और 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
 
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अगले 4 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 'घने' से 'बहुत घने' कोहरे और शीतलहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है, वहीं मौसम विभाग से शीतलहर की चेतावनी के दृष्टिगत लखनऊ में जिला प्रशासन ने बुधवार, 4 जनवरी से 7 जनवरी तक सभी सरकारी, निजी और गैरसरकारी स्कूलों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है।

 
जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने सोमवार को जारी आदेश में कहा कि मौसम विभाग द्वारा 2 जनवरी को जारी गई शीतलहर की चेतावनी के दृष्टिगत जनपद लखनऊ के समस्त शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी बोर्ड के समस्त सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों में 4 से 7 जनवरी, 2023 तक अवकाश घोषित किया जाता है।
 
cold
पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड : पंजाब और हरियाणा में लोग कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं और सोमवार को कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। दोनों राज्यों और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में सुबह घना कोहरा छाया रहा जिससे दृश्यता कम हो गई है। कश्मीर में शीतलहर तेज हो गई है और श्रीनगर में पारा 0 से 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक नीचे गिर गया है जबकि गुलमर्ग तथा पहलगाम में इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है।
 
मध्यप्रदेश में भी बढ़ा ठंड का प्रकोप: उत्तर की बर्फीली हवाओं ने मध्यप्रदेश में सर्दियों का सितम मचा रखा है। तापमान में तेजी से गिरावट से ज्यादातर इलाकों में गलन के साथ तेज ठंड पड़ने लगी है। सुबह-सुबह घने कोहरे से जनजीवन अस्तव्यस्त-सा हो गया है। 11 जिलों में धुंध के अलर्ट के बाद अब मौसम विभाग ने कुछ और जिलों में कोहरे और कोल्ड डे का पूर्वानुमान लगाया है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि ठंड का रौब अभी एमपी में ऐसे ही जारी रहेगा।
 
इंदौर में रही मौसम की सबसे सर्द रात: इंदौर में रविवार, 1 जनवरी की रात मौसम की सबसे सर्द रात रही। उत्तरी व बर्फीली हवाओं के कारण शहरवासी ठिठुरते रहे। इन हवाओं के असर से सीजन में पहली बार पारा 10 डिग्री के नीचे पहुंचा। न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री से. दर्ज किया गया, जो सामान्य था।
 
इंदौर में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम 22.4 डिग्री दर्ज किया गया। यहां पहली बार अधिकतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रहा। मौ‍सम विज्ञानियों के अनुसार मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8.5 से 9‍ डिग्री रहने का अनुमान है। साल के पहले सोमवार, 2 जनवरी को भी दिनभर ठंडक राही। भोपाल मौसम केंद्र के अनुसार भारत से पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हिमालय क्षेत्र से तेज गति से आई बर्फीली हवा के कारण इंदौर में तापमान गिरा है। यह आगे भी जारी रहने की संभावना है।

 
मध्यप्रदेश के 3 जिलों में कोल्ड का अलर्ट : अभी तक प्रदेश में कोहरे और रात में पारा गिरने का अलर्ट जारी किया गया था। अब कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। इससे इन जिलों में शीतलहर का होना साफ हो गया है। मौसम विभाग को कोल्ड जे अलर्ट भिंड, दतिया और ग्वालियर। ऐसे में यहां के लोगों को दिन में भी ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करके रखना चाहिए।
 
पिछले दिनों प्रदेश के 11 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया था। अब कुछ अन्य इलाकों के लिए मौसम विभाग ने कोहरे का अलर्ट जारी कर दिया है। इसमें रीवा, सागर, चंबल और ग्वालियर संभाग के कुछ जिलों के साथ ही भिंड, नीमच, मंदसौर, उज्जैन, बैतूल, भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा और डिंडोरी जिले शामिल हैं। 
 
अगले 24 घंटों की संभावित गतिविधि : स्काईमेट के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, बिहार, उत्तरप्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों में घने से बहुत घना कोहरा छा सकता है। पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति रहने की संभावना है।
 
पंजाब के कुछ हिस्सों और उत्तरी राजस्थान के साथ हरियाणा के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति देखी जा सकती है। लगभग पूरे देश में मौसम शुष्क रहेगा। बारिश केवल तटीय आंध्रप्रदेश के साथ-साथ तटीय तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में देखी जाएगी।(एजेंसियां)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
ऋषभ पंत की कार का जहां हुआ था एक्सीडेंट, वहां सड़क पर नहीं था कोई गड्ढा