1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. recepe for crime-free india

गाय का दूध पीने से 'अपराधमुक्त' होगा भारत

RSS
लखनऊ । राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ी संस्था 'गौ सेवा' देशभर में 15 दिनों का गौ जाप महायज्ञ करने की तैयारी कर रही है। 31 मार्च से होने वाले इस महायज्ञ को देश के कई मंदिरों में आयोजित किया जाएगा। इस महायज्ञ को करने के पीछे संस्था का उद्देश्य यह है कि इससे लोगों के बीच गायों और उनकी भलाई के लिए जागरुकता फैले। 
 
संघ से जुड़ी इस संस्था ने गाय के गोबर के आठ प्रमुख लाभ और अन्य गाय उत्पादों का प्रचार करने की योजना बनाई है। संस्था के दावों के अनुसार, गाय का दूध पीने से अपराध दर में कमी आती है और गाय के गोबर से निकलने वाले तरल पदार्थ और उसमें तुलसी मिलाकर पिया जाए तो यह प्रसव पीड़ा के दौरान नॉर्मल डिलीवरी कराने में मदद मिलती है।
 
आरएसएस अखिल भारतीय गौ सेवा अध्यक्ष शंकर लाल ने दावा किया है कि भैंस और जर्सी गायों का दूध पीने से अपराध बढ़ रहा है। उनका कहना है कि भैंस और जर्सी गाय का दूध पीने से गुस्सा पैदा होता है, जिसके कारण व्यक्ति अपना आपा खो देता है और यही अपराध को बढ़ाता है। 
 
वहीं दूसरी ओर गाय का दूध सात्विक है जो कि व्यक्ति को शांति देता है और अपराध को घटाता है। शंकरलाल ने कहा कि गाय के दूध के फायदे बताने के लिए लोगों को जागरुक किया जाएगा जिसका उद्देश्य अपने लक्ष्य ‘अपराध मुक्त भारत’को प्राप्त करना है।
 
उन्होंने यह भी कहा कि अगर गर्भावस्था के आठ महीने तक महिलाएं गाय के दूध से बना दही एक चांदी के कटोरे में रोजाना खाएं तो बच्चे का रंग गोरा होगा और वह बुद्धिमान होने के साथ-साथ सात्विक व्यवहार वाला होगा।
अगला लेख
क्रूर कश्मीर, 25 सालों में 671 राजनीतिज्ञ बने शिकार