1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Raised in many states including Madhya Pradesh

Weather Alert: मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में पाला पड़ा, बिहार में कोल्ड डे की स्थिति

ColdDay
नई दिल्ली। जनवरी के बीतते-बीतते ठंड का प्रकोप दिनोदिन बढ़ता ही जा रहा है। मध्यप्रदेश समेत कुछ राज्यों में शीतलहर व बिहार में अगले 24 से 48 घंटों के लिए कोल्ड डे की स्थिति की स्थिति लगातार बने रहने की संभावना है। यानी अगले 2-3 दिनों तक बिहार में काफी ठंड पड़ेगी। जम्मू-कश्मीर में चिल्लईकलां के 31 जनवरी तक जारी रहने की संभावना है।
 
एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी मध्य महाराष्ट्र के ऊपर बना हुआ है। मध्यप्रदेश से मध्य महाराष्ट्र होते हुए दक्षिणी तटीय कर्नाटक तक एक ट्रफ बनी हुई है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और इससे सटे भागों पर दिखाई दे रहा है जबकि एक अन्य सिस्टम पूर्वी बांग्लादेश पर भी दिखाई दे रहा है।
 
स्काईमेट के अनुसार संपूर्ण भारत में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में इस दौरान पाला पड़ने की खबर है। पूर्वी उत्तरप्रदेश, पंजाब और बिहार के साथ-साथ त्रिपुरा में शीतलहर के अलावा घने कोहरे ने भी सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया है। यूपी के कई हिस्सों और बिहार में कुछ स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति बनी रही।
पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ और मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थितियां जारी रहीं। उत्तराखंड और मध्यप्रदेश में भी कुछ स्थानों पर शीतलहर का प्रकोप देखने को मिला। आगामी 24 घंटों के दौरान पूर्वी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
 
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थितियां बनी रहेंगी। गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में भी कुछ जगहों पर शीतलहर जारी रहने की संभावना है। उत्तरप्रदेश और बिहार में 24 से 48 घंटों के लिए कोल्ड डे की स्थिति लगातार बनी रहने की उम्मीद है। जम्मू-कश्मीर के पास पर एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आएगा, उसके बाद ही उत्तर-पश्चिम और मध्यभारत में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी और शीतलहर से राहत की उम्मीद की जा सकती है।
अगला लेख
राकेश टिकैत के आंसू से फिर तेज हुआ ‍किसान आंदोलन, BKU नेता नरेश टिकैत का बड़ा बयान