राहुल गांधी ने बताया, विफलताओं के लिए किसे दोषी ठहराते हैं पीएम मोदी...
Rahul Gandhi News : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे भविष्य के बारे में कभी बात नहीं करते और हमेशा अपनी विफलताओं के लिए अतीत में किसी न किसी को दोषी ठहराते हैं।
अमेरिका की यात्रा पर आए राहुल ने जेविट्स सेंटर में प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने ओडिशा ट्रेन हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए 60 सेकंड का मौन रखा।
गौरतलब है कि ओडिशा में ट्रेन दुर्घटना में 277 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे हैं। कुछ लोग रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं।Shri @RahulGandhi mesmerised the Indian diaspora in New York, USA!
— Congress (@INCIndia) June 4, 2023
The power of his words echoed through the hearts of the massive crowd, marking an unforgettable chapter in our shared history. pic.twitter.com/HyE5kbsQof
राहुल गांधी ने कहा कि मुझे याद है कि कांग्रेस राज में एक ट्रेन हादसा हुआ था। उस समय कांग्रेस ने यह नहीं कहा था कि ट्रेन हादसा अंग्रेजों की गलती की वजह से हुआ। कांग्रेस के मंत्री ने कहा था कि यह मेरी जिम्मेदारी है और मैं इस्तीफा दे रहा हूं। हमारे देश में यही समस्या है हम बहाने बनाते हैं, हम सच्चाई को स्वीकार कर उसका सामना नहीं करते।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गाड़ी चलाने की कोशिश कर रहे हैं... भारत की गाड़ी और वह पीछे (शीशे में) देखकर गाड़ी चला रहे हैं। इसलिए उन्हें समझ नहीं आ रहा कि गाड़ी लड़खड़ा क्यों रही है और आगे क्यों नहीं बढ़ पा रही है। भाजपा और आरएसएस के साथ भी यही है, सभी के साथ। आप मंत्रियों की बातें सुनें, प्रधानमंत्री की बात सुनें। आप उन्हें कभी भविष्य के बारे में बात करते नहीं पाएंगे। वे केवल अतीत की बात करते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा और आरएसएस दूरदर्शी नहीं हैं। वे कभी भविष्य की बात नहीं करते, वे केवल अतीत की बात करते हैं और अपनी विफलताओं के लिए हमेशा अतीत में किसी को दोषी ठहराते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई है- एक जिस पर कांग्रेस विश्वास करती है और दूसरी जिसे भाजपा तथा आरएसएस मानती है। इसे समझाने का सबसे सरल तरीका यह है कि एक तरफ आपके पास महात्मा गांधी हैं और दूसरी तरफ नाथूराम गोडसे।

