1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Rahul Gandhi attacks BJP in Singapore

सिंगापुर में भाजपा पर बरसे राहुल गांधी

Rahul Gandhi
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा समाज को बांटकर देश में ध्रुवीकरण का माहौल पैदा कर रही है।
 
कांग्रेस संचार विभाग ने यहां जारी एक बयान में कहा कि गांधी ने सिंगापुर तथा मलेशिया की तीन दिन की यात्रा के पहले दिन गुरुवार को सिंगापुर की कंपनियों में कार्यरत भारतीय मूल के शीर्ष अधिकारियों को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखा हमला किया और कहा कि वह ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है। भाजपा का यह प्रयास खतरनाक है और इससे देश के समक्ष गंभीर चुनौती पैदा होगी।
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा समाज में संतुलन बनाने के लिए काम करती रही है, लेकिन भाजपा इसके विपरीत काम कर रही है। उसे समाज में शांति और भाईचारे को बनाए रखने की चिंता नहीं है। कांग्रेस मानती है कि समाज को बांटने के लिए ध्रुवीकरण की राजनीति खतरनाक है। उन्होंने देश के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़े स्तर पर हो रहे पलायन पर भी चिंता जताई और कहा कि यह देश के समक्ष बड़ी चुनौती है।
 
गांधी ने इस यात्रा में अपने कार्यक्रमों की जानकारी ट्वीट की और कहा कि अगले तीन दिन के दौरान मैं सिंगापुर तथा मलेशिया में भारतीय समुदाय के लोगों, उद्योगपतियों तथा इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रतिनिधियों से मिलूंगा। सिंगापुर के प्रधानमंत्री पी सेन लुंग तथा मलेशिया के प्रधानमंत्री नजीब रजाक से मिलने का भी मेरा कार्यक्रम है। (वार्ता)
अगला लेख
रोजगार के लिए मोदीजी की स्टेच्यू तोड़ो योजना...