1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Prime Minister Narendra Modi met LJP MPs

PM मोदी ने लोजपा सांसदों से की मुलाकात, कहा- चिराग ने खुद को योग्य साबित किया

Prime Minister Narendra Modi met LJP MPs
Prime Minister Narendra Modi met LJP MPs : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसदों से मुलाकात की और कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने खुद को योग्य साबित किया है और वह अपने पिता के सपनों को पूरा कर रहे हैं।
 
चिराग पासवान लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष हैं और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के बेटे हैं। समाजवादी नेता रामविलास पासवान ने लोजपा का गठन किया था और उनके निधन के बाद पार्टी दो धड़ों में विभाजित हो गई थी। एक धड़े का नेतृत्व पूर्व केंद्रीय मंत्री व रामविलास पासवान के भाई पशुपति कुमार पारस कर रहे हैं, जबकि दूसरे धड़े का नेतृत्व चिराग पासवान के हाथों में है। दोनों ही धड़े राजग के सदस्य हैं।
लोकसभा चुनाव के लिये सीट के बंटवारे को लेकर हुए समझौते के तहत भाजपा ने लोजपा (रामविलास) को पांच सीट दी थीं, जबकि पशुपति पारस नीत पार्टी को एक भी सीट नहीं दिया था। भाजपा पर अपनी पार्टी को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए पारस ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।
 
प्रधानमंत्री ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, रामविलास पासवान जी मेरे बहुत प्रिय मित्र थे, जिनकी बहुमूल्य अंतर्दृष्टि मुझे बहुत याद आती है। मुझे खुशी है कि चिराग पासवान ने खुद को योग्य साबित किया है और रामविलास जी के सपनों को पूरा कर रहे हैं। हमारी पार्टियां सार्वजनिक सेवा के लिए मजबूती से एक साथ हैं।
संसद का सत्र शुरु होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी लगातार गठबंधन के सहयोगी दलों के सांसदों से मुलाकात कर रहे हैं। इससे पहले, बृहस्पतिवार को जनता दल (यूनाइटेड) के सांसदों से मोदी की मुलाकात हुई थी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना की थी। मोदी ने बुधवार को तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के सांसदों से मुलाकात की थी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सराहना की थी।
लोकसभा में तेदेपा के 16 सांसद हैं और वह भाजपा की सबसे बड़ी सहयोगी है। लोकसभा में 12 सांसदों के साथ जद(यू) भाजपा की दूसरी सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी है, जबकि लोजपा (रामविलास) के पांच सांसद हैं। केंद्रीय मंत्रिपरिषद में लोजपा (रामविलास) का एक, जबकि तेदेपा और जद (यू) के दो-दो सदस्य हैं। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
तेलंगाना में कुत्तों ने एक बच्चे को नोच नोचकर मार डाला