राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से 2 दिवसीय झारखंड यात्रा पर, एम्स देवघर और दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
Draupadi Murmu on Jharkhand tour: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) झारखंड के 2 दिवसीय दौरे पर गुरुवार को रांची आएंगी और एम्स देवघर (AIIMS Deoghar) तथा आईआईटी धनबाद (IIT Dhanbad) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति गुरुवार को एम्स देवघर के पहले दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी और 1 अगस्त को आईआईटी (भारतीय खनि विद्यापीठ), धनबाद के 45वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इससे पहले उन्होंने बुधवार को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में एम्स-कल्याणी के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया था।
धनबाद शहर स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार : इस बीच धनबाद शहर भी राष्ट्रपति के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। अपने कार्यक्रम के तहत, मुर्मू एक अगस्त को 99 साल पुराने आईआईटी (भारतीय खनि विद्यापीठ) के 45वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भी मौजूद रहने की उम्मीद है।
ALSO READ: अनिश्चितताओं की दुनिया में भारत प्रगति का शानदार उदाहरण है : राष्ट्रपति मुर्मू
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 10 मई, 2014 को संस्थान के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की थी। आईएसएम धनबाद की स्थापना 1926 में हुई थी और 6 सितंबर, 2016 को इसे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) का दर्जा दिया गया था।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta