1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. PM Modi meets lalkrishna Advani on his birthday

जन्मदिन पर मोदी ने आडवाणी को खिलाया केक, पैर छूकर लिया आशीर्वाद

Lalkrishna Advani
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं, केक खिलाया और पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की शुभकानाएं देने उनके निवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आडवाणी को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। पीएम मोदी ने पैर छूकर उनसे आशीर्वाद भी लिया। इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। 

इससे पहले मोदी ने ट्वीट किया, ‘भाजपा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ देश के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले श्रद्धेय लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। वह पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं के साथ ही देशवासियों के प्रत्यक्ष प्रेरणास्रोत हैं। मैं उनकी लंबी आयु और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।‘
 
पूर्व उपप्रधानमंत्री आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को कराची में हुआ था और आज उनका 93 वां जन्मदिन है। भारत की राजनीति में भाजपा को एक प्रमुख शक्ति के रूप में स्थापित करने में आडवाणी की अहम भूमिका रही है।
 
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देते हुए रविवार कहा कि उन्होंने परिश्रम और निस्वार्थ सेवाभाव से न सिर्फ देश के विकास में अहम योगदान दिया बल्कि भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा के विस्तार में भी मुख्य भूमिका निभाई।
 
नड्डा ने भी आडवाणी को जन्मदिन की शुभकामना देते हुए ट्वीट किया, ‘राजनीति में अपने समर्पण व सिद्धांतों से करोड़ों कार्यकर्ताओं के आदर्श, देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। ईश्वर से आपके आरोग्य एवं दीर्घायु की प्रार्थना करता हूँ।‘
अगला लेख
H-1B वीजा की सीमा बढ़ा सकते हैं बिडेन, भारतीय पेशेवरों को होगा फायदा