असम में पीएम मोदी ने बताया, कांग्रेस क्यों कर रही है देश को बदनाम?
PM Modi Assam Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम को 24 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देते हुए कहा कि जहां कांग्रेस वालों के दिमाग का ताला बंद हो जाता है, वहां हमारा काम शुरू होता है। उन्होंने कहा कि हार की हताशा में कांग्रेस के नेता देश को बदनाम करने में जुटे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश का हर राज्य कांग्रेस को सबक सिखा रहा है। कांग्रेस एक के बाद एक चुनाव हार रही है। अब निकट भविष्य में कांग्रेस खुद की पराजय के इतिहास की सेंचुरी मारने वाली है। हार की हताशा से भरी कांग्रेस ने देश के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के नेता देश को बदनाम करने में जुट गए हैं।
पीेएम मोदी ने कहा कि जिस तरह कांग्रेस ने नॉर्थ-ईस्ट को अपने हाल पर छोड़ दिया था, ठीक वैसे ही बराक वैली को भी बेहाल करने में कांग्रेस की बहुत बड़ी भूमिका रही है। जब देश आजाद हुआ तो कांग्रेस ने ऐसी बाउंड्री खिंचने दी, जिससे बराक घाटी का समुंद्र से संपर्क ही कट गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने असम के युवाओं को सिर्फ हिंसा और आतंकवाद के कुचक्र में ही उलझाए रखा था। कांग्रेस ने असम को 'फूट डालो और राज करो' नीति की प्रयोगशाला बनाया। आज असम के युवाओं के सामने अवसरों का खुला आसमान है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का मंत्र है: जो विकास की दौड़ में पीछे रह गया, उसे प्राथमिकता देना। कांग्रेस की सरकारें बॉर्डर एरिया को देश के अंतिम गांव मानती थी। हम बॉर्डर के गांवों को देश के पहले गांव मानते हैं। इसलिए, बॉर्डर एरिया के विकास के लिए... कछार जिले से ही वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम का अगला चरण शुरू किया था। इससे बराक वैली के अनेक गांवों में भी सुधार होना तय है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज करीब 24 हजार करोड़ रुपए के शिलांग-सिलचर हाई स्पीड कॉरिडोर का भूमिपूजन हुआ है। कांग्रेस वालों के दिमाग का ताला जहां बंद हो जाता है, वहां हमारा काम शुरू हो जाता है। यह नॉर्थ-ईस्ट का पहला एक्सेस कंट्रोल हाई स्पीड कॉरिडोर होगा। ये सिर्फ एक हाइवे प्रोजेक्ट नहीं है, ये नॉर्थ-ईस्ट के लोगों के दशकों पुराने इंतजार का अंत हो रहा है।
edited by : Nrapendra gupta