मौसम का बड़ा बदलाव: 18 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, कई शहरों में 40°C के करीब पहुंचा तापमान
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के साथ ही मैदानी राज्यों में आंधी और वज्रपात के चलते एक बार फिर देश में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने 19 मार्च तक उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात समेत 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे इन राज्यों में लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 14 से 17 मार्च के बीच हल्की बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। ओडिशा में 14, झारखंड में 14 और 15 मार्च को उष्ण लहर से भीषण उष्ण लहर की स्थिति बने रहने की संभावना है, इसके बाद इसमें कमी आने की संभावना है।
अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर 14 से 16 मार्च के दौरान भी भारी वर्षा की संभावना है। उप-हिमालयी असम और मेघालय में 15 मार्च के दौरान कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उससे सटे मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर 15 और 16 मार्च को गरज, बिजली, तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में कैसा है मौसम
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में लगातार दूसरे दिन लू चली। यहां पारा 40 डिग्री पार पहुंच गया, जो सामान्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। रतलाम में 39.2 डिग्री, मंडला में 39 डिग्री धार, खजुराहो में 38.9 डिग्री, दमोह में 38.5 डिग्री और खरगोन में 38.4 डिग्री तापमान दर्ज किया है। भोपाल में 37.8 डिग्री, इंदौर में 37.6 डिग्री, जबलपुर में 37.5 डिग्री, उज्जैन में 37.4 डिग्री और ग्वालियर में 36.1 डिग्री तापमान रहा।
गुजरात में चढ़ा पारा
गुजरात में वर्तमान में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है और कई शहरों में पारा लगातार ऊपर चढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सौराष्ट्र और कच्छ में गंभीर लू तथा गुजरात क्षेत्र और विदर्भ के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति देखी जा रही है। हालांकि, इस चिलचिलाती धूप के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। आगामी 19 और 20 मार्च के दौरान राज्य के मौसम में बदलाव आने और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश यानी 'मावठा' होने की संभावना जताई गई है।