1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Petrol diesel rates not changed from 15 days

15 दिन से स्थिर हैं पेट्रोल डीजल के दाम, क्या है इसका चुनावी कनेक्शन...

Petrol
नई दिल्ली। विदेशों मे कच्चे तेल के अभी भी 69 डॉलर प्रति बैरल के पार बने रहने के बावजूद घरेलू स्तर पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज लगातार 15वें दिन स्थिरता बनी रही। अंतरराष्‍ट्रीय स्तर पर लगातार कच्चे तेल के दाम बढ़ने के बाद भी घरेलू बाजार में इसके असर नहीं पढ़ने को विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

जानकारों का कहना है कि देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव के कारण अभी पेट्रोल डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 27 मार्च से विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। मतगणना 2 मई को होगी। 

तेल उत्पादक देशों द्वारा इस वर्ष फ़रवरी में दैनिक आधार पर 6.5 लाख बैरल कच्चे तेल के उत्पादन में कटौती करने की रिपोर्ट के बाद विदेशी बाजारों में कच्चे तेल में तेजी आ गई और लंदन ब्रेंट क्रूड ऑयल अभी भी 69 डॉलर प्रति बैरल के पार बना हुआ है।
 
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल अभी 91.17 रुपए प्रति लीटर पर और डीजल 81.47 रुपए प्रति लीटर पर है। 27 फरवरी को इन दोनो की कीमतों में क्रमशः 24 पैसे और 15 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई थी और इन दोनों की कीमतें पूरे देश में सार्वकालिक रिकार्ड स्तर पर है।
 
तेल विपणन करने वाली सरकारी कंपनी इंडियन आयल कारपोरेशन के अनुसार आज इन दोनों ईंधन की कीमतें स्थिर है। (इनपुट वार्ता)
 
अगला लेख
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021: महिलाएं किसके साथ, ममता या मोदी?