फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, दिल्ली में 95 रुपए पार
नई दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों ने रविवार को एक बार फिर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए। इससे मुंबई में पेट्रोल पहली बार 101 रुपए और दिल्ली में 95 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया है।
देश के चार महानगरों में आज पेट्रोल की कीमत 27 पैसे तक और डीजल की 31 पैसे तक बढ़ाई गई। गत 04 मई से अब तक 19 दिन पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं जबकि शेष 15 दिन कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस दौरान दिल्ली में पेट्रोल 4.63 रुपए तथा डीजल 5.22 रुपए महंगा हो चुका है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और मुंबई में पेट्रोल की कीमत 27-27 पैसे बढ़कर क्रमश: 95.03 रुपए 101.25 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई। डीजल दिल्ली में 29 पैसे और मुंबई में 31 पैसे महंगा हुआ। एक लीटर डीजल की कीमत मुंबई में 93.30 रुपए और दिल्ली में 85.95 रुपए प्रति लीटर हो गई।
कोलकाता में पेट्रोल 26 पैसे महंगा होकर 95.02 रुपए और डीजल 29 पैसे महंगा होकर 88.80 रुपए प्रति लीटर पर रहा। चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 24 पैसे और डीजल की 28 पैसे बढ़ी। वहां एक लीटर पेट्रोल 96.47 रुपए और एक लीटर डीजल 90.66 रुपए का मिला।
| शहर | पेेेेेेट्रोल | डीजल |
| दिल्ली | 95.03 | 85.95 |
| मुंबई | 101.25 | 93.30 |
| चेन्नई | 96.47 | 90.66 |
| कोलकाता | 95.02 | 88.80 |

