विराट, दीपा और श्रीजेश 'पद्म पुरस्कार' से अलंकृत
Publish Date: Fri, 31 Mar 2017 (00:08 IST)
Updated Date: Fri, 31 Mar 2017 (00:17 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली, रियो पैरालंपिक की रजत पदक विजेता दीपा मलिक और हॉकी टीम के कप्तान पीआर श्रीजेश को गुरुवार को यहां 'पद्म पुरस्कारों' से अलंकृत किया।
मुखर्जी ने राष्ट्रपति भवन के ऐतिहासिक दरबार हॉल में आयोजित अलंकरण समारोह में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक विराट, रियो पैरालंपिक में देश का नाम रोशन करने वाली पैरा एथलीट दीपा मलिक, हॉकी टीम के कप्तान और गोलकीपर पीआर श्रीजेश को 'पद्मश्री' से सम्मानित किया।
समारोह में जब श्रीजेश 'पद्मश्री सम्मान' ग्रहण कर रहे थे तब काफी देर तक तालियां बजती रहीं। विराट और दीपा के लिए भी काफी तालियां बजीं। राष्ट्रपति ने खुद आगे आकर दीपा को 'पद्मश्री सम्मान' प्रदान किया।
समारोह में आकर्षण का केंद्र बने रहे विराट कोहली। विराट जब राष्ट्रपति के हाथों 'पद्मश्री' ग्रहण कर रहे थे तब कैमरों के फ्लैश काफी देर तक चमकते रहे। समारोह के बाद विराट के साथ सेल्फी खिंचवाने और उनका ऑटोग्राफ लेने की भी होड़ लगी रही। (वार्ता)