1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Nitish's important contribution to India alliance

कांग्रेस ने कहा इंडिया गठबंधन में नीतीश का महत्वपूर्ण योगदान, खरगे बातचीत को प्रयासरत

Jairam Ramesh
Nitish's important contribution to India alliance : कांग्रेस ने नई दिल्ली में शनिवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की 'इंडिया' गठबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका और योगदान है तथा पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे उनसे बातचीत करने के लिए प्रयासरत हैं। नीतीश के एक बार फिर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के साथ जाने की संभावना जताए जाने के बीच पार्टी महासचिव जयराम रमेश (Jairam Ramesh) की यह टिप्पणी आई है।
 
बिहार में नए मंत्रिमंडल के गठन की बात : रमेश ने कहा कि बिहार में नए मंत्रिमंडल के गठन की बात हो रही है, भूपेश बघेलजी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। मेरी जानकारी के मुताबिक बघेलजी आज रात ही पटना पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी और जनता दल (यूनाइटेड) अध्यक्ष नीतीश कुमार 'इंडिया' गठबंधन का हिस्सा बने रहेंगे।
 
भाजपा नीत राजग में जद(यू) के लौटने की खबरों पर रमेश ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष बिहार के मुख्यमंत्री से बातचीत करने के लिए प्रयासरत हैं लेकिन अब तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमारजी के निमंत्रण पर 23 जून को विपक्षी दलों की (पटना में) बैठक हुई थी, दूसरी बैठक बेंगलुरु में हुई, जहां गठबंधन को 'इंडिया' नाम दिया गया, बेंगलुरु बैठक में नीतीशजी की भूमिका महत्वपूर्ण थी। मुंबई में हुई बैठक में भी बिहार के मुख्यमंत्री का योगदान महत्वपूर्ण था।
 
रमेश ने कहा कि 'इंडिया' की बैठकों में नीतीश का भाजपा के खिलाफ कड़ा रुख रहा था। कांग्रेस नेता ने नीतीश के राजग के साथ जाने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर यह भी कहा कि जो खबरें आ रही हैं, वे अनौपचारिक हैं। इन खबरों पर मैं टिप्पणी नहीं करूंगा।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Bihar political crisis live : जीतनराम से संपर्क में RJD, तेजस्वी बोले हमेशा मुख्यमंत्री का सम्मान किया