निठारी कांड में आरोपी रहे सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में लगाई फांसी, चाय की दुकान में मिला शव
Surender Koli Nithari Case: देश के सबसे चर्चित और खौफनाक निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने उत्तराखंड के हरिद्वार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हरिद्वार के भूपतवाला इलाके में स्थित एक चाय की दुकान में उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस की शुरुआती जांच में इस आत्मघाती कदम के पीछे पारिवारिक क्लेश को मुख्य वजह माना जा रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
तीन दिन पहले ही खोली थी चाय की दुकान
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण स्थित मंगरुखाल गांव का रहने वाला सुरेंद्र कोली पिछले कुछ महीनों से हरिद्वार में रह रहा था। उसने महज तीन दिन पहले ही सप्त सरोवर रोड पर स्थित लालमाता मंदिर के सामने चाय की दुकान शुरू की थी। शुक्रवार सुबह हरिद्वार शहर कोतवाली की सप्त ऋषि पुलिस चौकी को सूचना मिली कि दुकान के भीतर कोली का शव फांसी के फंदे से लटका है।
क्या है आत्महत्या का कारण?
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया आत्महत्या का कारण पारिवारिक क्लेश नजर आ रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहराई से जांच की जा रही है और शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि 11 नवंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने निठारी कांड में सुरेंद्र कोली को निर्दोष बताते हुए बरी कर दिया था और उसकी रिहाई के आदेश दिए थे। बरी होने के बाद से ही वह शांत जीवन जीने की कोशिश में हरिद्वार में रह रहा था।
क्या था निठारी कांड?
दरअसल, दिसंबर 2006 में नोएडा के सेक्टर 31 स्थित कुख्यात 'D-5' कोठी के नाले से कई बच्चों के कंकाल और अवशेष बरामद हुए थे। इस खौफनाक घटना ने पूरे देश में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने कोठी के मालिक मनिंदर सिंह पंढेर और उसके नौकर सुरेंद्र कोली को गिरफ्तार किया था। कोली पर हत्या, दुष्कर्म और अमानवीय कृत्यों के 16 मामले दर्ज हुए थे, जिनमें उसे मौत की सजा सुनाई गई थी। बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सजा को उम्रकैद में बदला था, जिसके बाद मामला शीर्ष अदालत पहुंचा था। मुख्य आरोपी पंढेर को भी पहले ही सभी मामलों में बरी किया जा चुका था।

