1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. new houses for first time MP

नए सांसदों को मिलेंगे नए घर, डुप्लेक्स बन कर तैयार, मिलेगी यह खास सुविधाएं

first time MP
नई दिल्ली। सत्रहवीं लोकसभा के लिए चुन कर आए लगभग 200 नए सांसदों को आवास सुविधा के लिए अब लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने पहली बार चुन कर आए सांसदों के लिए लुटियन दिल्ली स्थित नॉर्थ एवं साउथ एवेन्यू में नए घरों का इंतजाम कर लिया है।
 
इसके लिए केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग ने परियोजना के पहले चरण में नार्थ एवेन्यू में आवास बना कर इन्हें संपदा विभाग को नये सांसदों को आवंटन हेतु सौंप दिया है।
 
परियोजना के अगले चरण में साउथ एवेन्यू में भी घर बनाए जाएंगे। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नॉर्थ एवेन्यू में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 36 नए डुप्लेक्स घर आवंटन के लिए तैयार हैं। 
 
उन्होंने बताया कि सात कमरों वाले प्रत्येक घर में संसद सदस्य को अपने कार्यालय के संचालन की भी जगह दी गई है। पूरी तरह से हरित भवन तकनीकी पर आधारित इन घरों में सौर ऊर्जा से बिजली की अधिकतर जरूरत पूरी की जाएगी। प्रत्येक घर में वाहन के लिए भूमिगत पार्किंग की भी सुविधा है जिससे सांसदों के घर के आसपास वाहनों की वजह से पैदल रास्ते अवरुद्ध न हों। दो वाहनों की पार्किंग सुविधा के साथ प्रत्येक घर में पार्किंग स्थल से भूतल और पहली मंजिल पर जाने के लिए लिफ्ट की भी व्यवस्था है।
 
परियोजना के तहत कुल 180 डुप्लेक्स घर बनाने का लक्ष्य है। यह काम चरणबद्ध तरीके से होगा। पहले चरण में बने 36 घरों के आवंटन के साथ नॉर्थ और साउथ एवेन्यू में पहले से मौजूद सांसद आवास भी फिलहाल आवंटित किए जाएंगे। नए घरों के निर्माण के साथ ही, पुराने आवास में रह रहे सांसदों को नए आवास आवंटित होंगे।
 
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक सांसद को दिल्ली में सरकारी आवास की सुविधा मिलती है। लुटियन दिल्ली में मौजूद टाइप आठ और टाइप सात श्रेणी के बंगले, केन्द्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ सांसदों को आवंटित होते हैं। 
 
जबकि पहली चुन कर आये सांसदों के लिए नॉर्थ और साउथ एवेन्यू में पांच कमरे वाले फ्लैट मौजूद हैं। इनमें जगह की कमी और पार्किंग आदि की समस्यायें 2014 में सामने आने के बाद तत्कालीन आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री एम वेंकैया नायडू ने सांसदों के लिये नये आवास बनाने की परियोजना को हरी झंडी दी थी।
 
लगभग 450 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने नये घरों में चार बेडरूम, दो ऑफिस रूम और एक बैठक सहित सात कमरे हैं। घर के आगे और पीछे बागवानी के लिये जगह छोड़ी गयी है। बेसमेंट में पार्किंग के साथ ही सांसद के वाहन चालक के लिये भी एक कमरा बनाया गया है। प्रत्येक घर में इंटरनेट और पीएनजी गैस कनेक्शन की सुविधा भी है। 
 
नवनिर्मित आवासीय परिसर अगले सौ साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। तीन ब्लॉक वाले आवासीय परिसर के प्रत्येक ब्लॉक में 12 डुप्लेक्स घर बनाए गए हैं। इनकी भूमिगत पार्किंग के जरिये एक ब्लॉक से दूसरे ब्लॉक में जाया जा सकता है। (भाषा) 
अगला लेख
दानवीरता में कर्ण को मात देने वाला धनकुबेर, अब तक दान किए 1 लाख 45 हजार करोड़