1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Narendra Modi, Rahul Gandhi, BJP, Congress

लगता है मोदीजी ने अब खाना शुरू कर दिया : राहुल गांधी

Narendra Modi
गांधीनगर। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बेटे की कंपनी के मामले को लेकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सोमवार को तीखा हमला करते हुए कहा कि लगता है उन्होंने 'अब खाना शुरु कर दिया है।'
 
गांधी ने रामकथा मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी गुजरात के दौरों पर लंबी-लंबी बातें करते हैं पर शाह के बेटे जय शाह की कंपनी के बारे में कुछ नहीं बोलते जिसका कारोबार कुछ ही माह में 50 हजार से 16 हजार गुना बढ़कर 80 करोड पहुंच गया।
उन्होंने कहा कि 'न खाऊंगा ना खाने दूंगा' की बात करने वाले मोदी जी ने लगता है अब खाना शुरू कर दिया है। उनका मेक इन इंडिया और स्टार्ट अप इंडिया फेल हो गया पर जय शाह की कंपनी आसमान में रॉकेट की तरह उठ गई। 
 
कांग्रेस नेता ने हाल की अपनी गुजरात यात्रा के दौरान सभाओं में लगाए गए आरोपों को आज एक बार फिर दोहराया और कहा कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था कुछ उद्योगपतियों के हाथ में चली गई है। स्वास्थ्य व्यवस्था भी केवल अमीरों की चिंता करने वाली है। मोदी सरकार ने बडे उद्योगपतियों के एक लाख 20 हजार करोड़ रुपए माफ कर दिए, गुजरात में नैनो के संयंत्र के लिए टाटा को 35 हजार करोड़ रुपये दे दिए पर किसानों का कर्ज माफ नहीं किया।
 
पाटीदार आंदोलन के नेता नरेन्द्र पटेल की ओर से भाजपा पर एक करोड़ रुपए देने का आरोप लगाए जाने का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए गांधी ने कहा कि गुजराती आवाज को न दबाया जा सकता है ना खरीदा जा सकता है। (वार्ता)
अगला लेख
किसने की अमित शाह की तुलना जनरल डायर से...