भारत के किस राज्य में कितनी है मुसलमानों की हिस्सेदारी, जानिए सबसे ज्यादा और सबसे कम मुस्लिम आबादी वाले राज्य
muslim population percentage state wise in india: भारत एक विशाल और विविधतापूर्ण देश है, जहां विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग सद्भाव से रहते हैं। इस विविधता का एक महत्वपूर्ण पहलू देश की मुस्लिम आबादी का वितरण है। अक्सर आंकड़ों और जनगणना की बातें होती रहती हैं, लेकिन यह समझना दिलचस्प है कि भारत के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मुस्लिम समुदाय की जनसंख्या का प्रतिशत क्या है। आइए, भारत की कुल आबादी में मुस्लिम लोगों की हिस्सेदारी के आधार पर राज्यों का विस्तृत विश्लेषण करें।
सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाले राज्य
भारत में मुस्लिम आबादी में नंबर 1 पर केंद्र शासित प्रदेश लक्ष्यद्वीप। 2011 की जनगणना में यहां की कुल आबादी में मुस्लिम धर्म को मानने वालों की कुल हिस्सेदारी 96.58 फीसदी थी। भारतीय राज्यों में प्रतिशत के आधार पर नंबर 2 पर है जम्मू और कश्मीर। 2011 की जनगणना के अनुसार यहां 68.31 फीसदी आबादी मुस्लिम है। इसके बाद, प्रतिशत के हिसाब से कुल आबादी में मुस्लिम लोगों की हिस्सेदारी के आधार पर तीसरे नंबर पर असम आता है, जहां 34.22 फीसदी मुस्लिम आबादी निवास करती है। इसके बाद पश्चिम बंगाल (27.01 फीसदी) और केरल (26.56 फीसदी) का स्थान है, जहां मुस्लिम आबादी का एक बड़ा हिस्सा रहता है।
उत्तर भारत के बड़े राज्यों में, उत्तर प्रदेश में (19.26 फीसदी) और बिहार में (16.87 फीसदी) मुस्लिम आबादी है। झारखंड में (14.53 फीसदी) और उत्तराखंड में (13.95 फीसदी) भी मुस्लिम समुदाय की अच्छी खासी आबादी है। दक्षिण भारत की ओर देखें तो कर्नाटक में (12.92 फीसदी) और राजधानी दिल्ली में (12.86 फीसदी) मुस्लिम आबादी मौजूद है। महाराष्ट्र में भी (11.54 फीसदी) मुस्लिम आबादी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि देश के विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में मुस्लिम आबादी का वितरण व्यापक है।
10 फीसदी से कम मुस्लिम आबादी वाले राज्य
उपरोक्त राज्यों के बाद, अन्य राज्यों में मुस्लिम आबादी 10 फीसदी से कम है। इस सूची में गुजरात (9.67 फीसदी) सबसे ऊपर है, जिसके बाद आंध्र प्रदेश (9.56 फीसदी) और राजस्थान (9.07 फीसदी) का नाम आता है। पूर्वोत्तर में त्रिपुरा (8.60 फीसदी), अंडमान निकोबार (8.52 फीसदी) और मणिपुर (8.40 फीसदी) में भी मुस्लिम आबादी का एक निश्चित प्रतिशत है। गोवा (8.33 फीसदी) और दमन और दीव (7.92 फीसदी) जैसे छोटे क्षेत्रों में भी मुस्लिम समुदाय की उपस्थिति है। हरियाणा (7.03 फीसदी) और मध्य प्रदेश (6.57 फीसदी) भी इस श्रेणी में आते हैं। पुड्डुचेरी (6.05 फीसदी) और तमिलनाडु (5.86 फीसदी) दक्षिण भारत के वे राज्य हैं जहां मुस्लिम आबादी 10 फीसदी से कम है।
पांच फीसदी से कम आबादी वाले क्षेत्र: जहां संख्या न्यूनतम है
पांच फीसदी से कम मुस्लिम आबादी वाले राज्यों में सबसे ऊपर चंडीगढ़ है, यहां 4.87 फीसदी आबादी मुस्लिम है। इसके बाद मेघालय (4.40 फीसदी), दादर और नगर हवेली (3.67 फीसदी) जैसे क्षेत्र हैं। नगालैंड (2.47 फीसदी), हिमाचल प्रदेश (2.18 फीसदी), ओडिशा (2.17 फीसदी), छत्तीसगढ़ (2.02 फीसदी) और अरुणाचल प्रदेश में (1.95 फीसदी) भी मुस्लिम आबादी का प्रतिशत काफी कम है।
बड़े राज्यों में पंजाब में सबसे कम मुस्लिम आबादी है, यहां केवल 1.93 फीसदी मुस्लिम हैं। यदि हम सबसे कम मुस्लिम आबादी वाले राज्य की बात करें तो सबसे पहला नाम मिजोरम (1.35 फीसदी) का आता है, जो यह दर्शाता है कि यहां मुस्लिम समुदाय की संख्या नगण्य है। सिक्किम में भी (1.62 फीसदी) मुस्लिम आबादी बहुत कम है।