Microsoft Server Down: दुनियाभर में 1400 फ्लाइट कैंसल, इंदौर, कोलकाता, लखनऊ समेत कई शहरों की उड़ानें रद्द
Photo : File
अमेरिकी एंटी-वायरस कंपनी के एक अपडेट का असर माइक्रोसॉफ्ट पर पड़ा। इससे दुनियाभर की एयरलाइंस, टीवी टेलिकास्ट, बैंकिंग और कई कार्पोरेट कंपनियों का कामकाज प्रभावित हुआ। दुनियाभर में करीब 1400 फ्लाइट कैंसल हुई हैं। फ्लाइट बोर्डिंग पास हाथ से लिखकर दिए जा रहे हैं। यानी चेक इन मैन्युअल हो रहा है।
वहीं, भारत के सिर्फ कोलकाता से ही करीब उड़ानें रद्द होने की खबर है। इसी तरह देश के कई राज्यों के प्रमुख शहरों से उड़ानें कैंसल हुईं हैं। उड़ानें रद्द होने से कई प्रमुख हस्तियां एयरपोर्ट पर फंसती नजर आईं। केंद्रीय कृषि मंत्री और मप्र के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान भी लखनऊ में फंसे रहे।
दुनिया में 1400 फ्लाइट कैंसल : एविएशन एनालिटिक्स कंपनी सीरियम के मुताबिक दुनियाभर में करीब 110,000 कॉमर्शियल फ्लाइट शेड्यूल्ड थीं। दोपहर 03:30 बजे तक करीब 1390 फ्लाइट रद्द कर दी गई थी।
किस देश में कितनी उड़ानें रद्द
अमेरिका: अब तक 512 उड़ानें रद्द
जर्मनी: 92
भारत: 56
इटली: 45
कनाडा में: 21
इंदौर से 12 फ्लाइट्स कैंसल : माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सर्विसेज में आई खराबी का असर इंदौर एयरपोर्ट से फ्लाइट संचालन पर भी पड़ा है। इंदौर एयरपोर्ट के टर्मिनल मैनेजर से मिली जानकारी के अनुसार इंदौर से जाने वाली 6 और इंदौर आने वाली 6 फ्लाइट कैंसिल हुई है।
कोलकाता एयरपोर्ट से 25 उड़ानें रद्द : माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में वैश्विक तकनीकी व्यवधान के कारण अपराह्न तीन बजे तक कोलकाता आने-जाने वाली कम से कम 25 उड़ानें रद्द कर दी गयी हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएससीबीआईए) के प्रवक्ता ने बताया कि विभिन्न एयरलाइनों की कम से कम 14 प्रस्थान और 11 आगमन उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा, कई उड़ानों के संचालन में देरी हो रही है, क्योंकि स्वचालित प्रणाली के बंद होने के कारण एयरलाइंस बोर्डिंग पास मैन्युअल रूप से जारी कर रही हैं।
Edited By : Navin Rangiyal

