1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Manohar lal Khattar to take oath as CM today

खट्टर आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, यह दिग्गज होंगे शामिल

Manohar lal Khattar
चंडीगढ़। हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर आज दोपहर 2.15 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। खट्टर के शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है। भाजपा के कुछ सांसद भी हरियाणा राजभवन में रविवार दोपहर आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
 
जननायक जनता पार्टी (जजपा) नेता दुष्यंत चौटाला भी उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और उनके पिता अजय चौटाला एवं मां नैना चौटाला के भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।
 
शिक्षक भर्ती घोटाले में दोषी करार दिए गए अजय चौटाला अभी तिहाड़ जेल में कैद हैं और अदालत ने उन्हें दो हफ्ते का फरलो दिया है। उनको रविवार को तिहाड़ जेल से रिहा किया गया है।
 
सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी खट्टर के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।
 
उल्लेखनीय है कि पिछली बार 26 अक्टूबर 2014 को जब खट्टर ने शपथ ली थी तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लाल कृष्ण आडवाणी, अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों एवं अकाली दल के वयोवृद्ध नेता प्रकाश सिंह बादल मौजूद थे।
 
अगला लेख
कोलकाता में एक ही दिन काली पूजा और दिवाली, सुरक्षा के लिए 5 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती