शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news in India on March 21, 2024
Last Updated : गुरुवार, 21 मार्च 2024 (09:05 IST)

Weather Updates: बिहार से लेकर ओडिशा तक बारिश का कहर, आज भी बदले रहेंगे मौसम के तेवर

फसल कटाई को लेकर बढ़ी परेशानी

Weather Updates: बिहार से लेकर ओडिशा तक बारिश का कहर, आज भी बदले रहेंगे मौसम के तेवर - Latest weather news in India on March 21, 2024
Weather Updates: मौसम (weather) के तेवर एक बार फिर बदल गए हैं। गर्मी (summer) की शुरुआत के साथ ही ही कई जगह वर्षा (rainfall) देखने में आ रही है। देश के अधिकांश हिस्‍सों में इन दिनों रबी (Rabi) फसल की कटाई चल रही है और दूसरी ओर मौसम के तीखे तेवर ने किसानों के साथ ही आम लोगों की भी परेशानियों में इजाफा किया है। बेमौसम बारिश के चलते सामान्‍य जनजीवन अस्‍तव्‍यस्‍त हो गया है। बिहार (Bihar), ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कई हिस्‍सों में तेज हवा के साथ मध्‍यम दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की गई है।

 
बिहार में मूसलधार बारिश हुई : बिहार के कुछ हिस्‍सों में तो मूसलधार बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अपने ताजा पूर्वानुमान में मौसम के तेवर में कुछ नरमी आने की बात कही है। उत्‍तरप्रदेश का पूर्वी हिस्‍सा भी मौसम की मार से प्रभावित हुआ है। दिल्‍ली-एनसीआर में भी आने वाले दिनों में मौसम बिगड़ने का पूर्वानुमान है।
 
बुधवार को प्रदेश के अन्‍य हिस्‍सों में बारिश हुई। कई इलाकों में तो काले बादलों ने इस कदर डेरा जमा लिया कि दिन में रात का अनुभव होने लगा। बारिश और तेज हवा के चलते तापमान में एक बार फिर से गिरावट दर्ज की गई। चादर और कंबल की जरूरत भी महसूस की जाने लगी।

 
पश्चिम बंगाल में बारिश की आशंका : पश्चिम बंगाल के अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों के दौरान तेज हवाएं चलने, गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार 23 मार्च तक उत्तर-पश्चिमी उत्तरप्रदेश, झारखंड और दक्षिणी असम में एक चक्रवाती परिसंचरण के बनने और बंगाल की खाड़ी से उठने वाली नम हवाओं से कारण बारिश और गरज के साथ छींटें पड़ने की संभावना है।

 
पूर्वी भारत में ओलावृष्टि, सौराष्‍ट्र में हीटवेव : मौसम विभाग ने पूर्वी भारत के कई प्रदेशों में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि होने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान मध्‍यम दर्जे की बारिश होने का भी पूर्वानुमान है। दूसरी तरफ सौराष्‍ट्र, कच्‍छ और दक्षिण-पश्चिम राजस्‍थान में 21 मार्च तक हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया है।
 
पश्चिमी विदर्भ और उससे जुड़े इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ या हवा का विच्छेदन दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से लेकर विदर्भ के पश्चिमी हिस्सों पर चक्रवाती परिसंचरण तक फैला हुआ है और समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।
 
पश्चिमी विक्षोभ एक परिसंचरण क्षेत्र के रूप में औसत समुद्र तल से 4.5 और 12.6 किमी के बीच है, जो 80 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 20° उत्तर अक्षांश के उत्तर तक चल रहा है। एक ट्रफ रेखा निचले स्तर पर झारखंड से दक्षिणी असम तक फैली हुई है। 23 मार्च की रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।
 
आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, बिहार, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और हिमाचल प्रदेश के उत्तरी तट पर हल्की बारिश हुई। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी बिहार, सिक्किम, दक्षिण-पूर्व मध्यप्रदेश और विदर्भ के कई हिस्सों में दिन और रात के तापमान में 4 से 6 डिग्री की गिरावट आई।
 
कैसा रहेगा आज का मौसम? : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज गुरुवार को बिहार, सिक्किम, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और पश्चिम असम में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश संभव है।
 
गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, तटीय ओडिशा और आंध्रप्रदेश के उत्तरी तट पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, केरल और पूर्वोत्तर भारत में हल्की बारिश संभव है। 21 मार्च से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है और 23 मार्च तक जारी रह सकती है।(Photo Courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
उत्तर पूर्व दिल्ली में इमारत ढहने से 2 लोगों की मौत, 1 घायल