• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news in India 10 November
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , शुक्रवार, 10 नवंबर 2023 (09:31 IST)

दिल्ली से मुंबई तक बरसा पानी, बेमौसम बारिश से बढ़ेगी ठंड

दिल्ली से मुंबई तक बरसा पानी, बेमौसम बारिश से बढ़ेगी ठंड - Latest weather news in India 10 November
Weather Updates: प्रदूषण (pollution) से त्राहिमाम् कर रहे दिल्लीवासियों को हो रही बरसात से राहत मिल सकती है, क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटे नोएडा में बीते गुरुवार की रात से झमाझम बारिश हो रही है जिसके चलते लोगों को वायु प्रदूषण से बड़ी राहत मिलने वाली है। अनेक राज्यों में वर्षा (Rain) की संभावना है। बरसात से मौसम में भी ठंडक बढ़ सकती है।
 
उत्तर भारत के कई राज्यों में आज से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। कई राज्यों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के राज्यों के मौसम को लेकर जानकारी देते हुए बताया है कि आज तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल में भारी बारिश होगी। इसके बाद बारिश में कमी आएगी।
 
मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में हुई बेमौसम बरसात : मुंबई व ठाणे से मिले समाचारों के अनुसार मुंबई के कुछ उपनगरों और ठाणे सहित इसके पड़ोसी इलाकों में गुरुवार की रात गरज के साथ बेमौसम बारिश हुई। स्थानीय निवासियों के अनुसार कांजुरमार्ग, भांडुप, मुलुंड, पवई, आरे और मुंबई के कुछ अन्य इलाकों के अलावा डोंबिवली, कल्याण, उल्हासनगर और बदलापुर जैसे विस्तारित उपनगरों के कुछ हिस्सों में रात करीब 9 बजे गरज के साथ बारिश हुई।
 
महानगरपालिका ने एक विज्ञप्ति में बताया कि ठाणे शहर में रात 8.30 बजे से 9.30 के बीच 1 घंटे में 5.84 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बेमौसम बारिश ऐसे समय में हुई, जब स्थानीय बाजार में दिवाली की खरीदारी करने वाले लोगों की भारी भीड़ थी। देश की वित्तीय राजधानी और इसके कुछ पड़ोसी इलाकों सहित पनवेल तथा नवी मुंबई में बुधवार को भी अचानक बारिश हुई थी।
 
24 घंटों के बाद उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है। पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा, सिक्किम और असम में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार हो सकता है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्रों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते 2 दिनों तक मध्यम बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
 
वीकएंड और अगले सप्ताह की शुरुआत में निचले स्तर की हवाएं भी थोड़ी तेज हो सकती हैं। हल्की बारिश और हवाओं से हवा की गुणवत्ता में सुधार होगा। उत्तरी मैदानी इलाकों में मौसम की स्थिति अच्छी रहने की संभावना है और यह 11 नवंबर से 19 नवंबर के बीच बनी रहेगी, जो अगले सप्ताह तक भी बढ़ सकती है।
 
मौसम नित नए रंग बदल रहा है। मानसून को बीते एक माह से ऊपर हो गया है, लेनि दक्षिण भारत में वर्षा का सिलसिला अभी भी जारी है। दूसरी ओर Delhi-NCR में वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। जानलेवा प्रदूषण से लोग हलाकान हैं। आईएमडी ने उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
 
निम्न दबाव का क्षेत्र पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर स्थित है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। कोमोरिन क्षेत्र पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय पर है।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज शुक्रवार को तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, दक्षिण कोंकण और गोवा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो बार भारी बारिश हो सकती है।
 
दूसरी ओर गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फरबाद, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है। आज उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है। पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा, सिक्किम और असम में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

जम्मू कश्मीर में मौसम की पहली बर्फबारी :  जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में तेज बर्फबारी शुरू हो गई है। इससे मुगल रोड बंद हो गया है। प्रदेश के उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में शुक्रवार व शनिवार को भी बर्फबारी व निचले इलाकों में बारिश की संभावना है।
 
उधर पीरपंजाल के पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण राजौरी और पुंछ के रास्ते कश्मीर को जोड़ने वाला मुगल रोड बंद किया गया। इस मार्ग पर काफी फिसलन है। इसके चलते यातायात पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुंछ जिले के मैदानी क्षेत्रों में वर्षा और पहाडों पर बर्फबारी के चलते तापमान में भाई गिरावट आई है। क्षेत्र में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है।(एजेंसियां)
 
Edited by: Ravindra Gupta