• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news for 24 May 2025 in India
Last Updated :नई दिल्ली , शनिवार, 24 मई 2025 (10:22 IST)

Weather Update: अरब सागर में मची हलचल, अनेक राज्यों में वर्षा की संभावना, जानें देशभर का मौसम

पूर्वी और पश्चिमी तटों पर अगले हफ्ते से लो प्रेशर बनने की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि यह तटीय इलाकों के लिए खतरनाक हो सकता है

Latest Weather News 24  May 2025
Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी आ गई है। इसके अनुसार मौसम डबल अटैक कर सकता है और इसके प्रभाव से अनेक राज्यों में वर्षा भी संभावना है। आईएमडी (IMD) के अनुसार अरब सागर में तो पहले से ही हलचल हो रही थी, मगर अब बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में एक जोरदार हलचल देखने में आ रही है। पूर्वी और पश्चिमी तटों पर अगले हफ्ते से लो प्रेशर बनने की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि यह तटीय इलाकों के लिए खतरनाक हो सकता है। इन इलाकों में मौसम के डबल अटैक जैसी प्रक्रिया देखी जा सकती है। जानें देशभर का मौसम।
 
गुजरात पर संभावित चक्रवात का खतरा : अरब सागर में बने लो प्रेशर के चलते गुजरात पर संभावित चक्रवात का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार यह लो प्रेशर अगले कुछ घंटों में डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है, हवाओं की रफ्तार काफी तेज हो सकती है। सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।ALSO READ: Weather Update : राजस्थान में भीषण गर्मी, जैसलमेर में 48 पहुंचा पारा, महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट
 
पश्चिमी तट पर लगातार बारिश : चक्रवात के प्रभाव से पश्चिमी तट पर लगातार बारिश हो रही है। केरल के कुन्नूर और गुजरात के नवसारी में लगातार बारिश हो रही है। राजस्थान भीषण गर्मी से झुलस रहा है।
 
दिल्ली-एनसीआर में बिगड़ेगा मौसम : आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर फिर से मौसम बिगड़ने की आशंका जताई है। ताजा रिपोर्ट के अनुसार अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान आने की आशंका है।

IMD  ने गोवा के लिए जारी किया रेड अलर्ट : पणजी से मिले समाचारों के अनुसार मौसम विभाग ने गोवा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है जिसमें रविवार तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। राज्य सरकार ने लोगों को नदियों और झरनों में न जाने की सलाह दी है। पिछले 24 घंटों में तटीय राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की वेबसाइट के अनुसार दक्षिण गोवा के पोंडा में सबसे अधिक 162 मिमी बारिश हुई। इसके बाद धारबांदोडा तालुका में 124.2 मिमी और मडगांव में 123.4 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने अत्यधिक भारी बारिश होने का संकेत देते हुए शुक्रवार को रेड अलर्ट जारी किया, जो रविवार तक प्रभावी रहेगा।
 
राज्य के वनमंत्री विश्वजीत राणे ने शनिवार को जानकारी दी कि उत्तर और दक्षिण गोवा के जिलाधिकारियों ने नदियों और झरनों में तैराकी पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। राणे ने कहा कि सभी झरने तैराकी गतिविधि के लिए बंद कर दिए गए हैं। लोग वन विभाग की देखरेख में झरनों का दौरा कर सकते हैं।
 
देश के अन्य राज्यों का मौसम : 29 मई के दौरान केरल, कर्नाटक में व्यापक रूप से व्यापक रूप से हल्की से तेज बारिश बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज के साथ तूफान आने की आशंका जताई है, वहीं 27 मई के दौरान तटीय कर्नाटक में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। अगले 5 दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय आंध्रप्रदेश और यनम, रायलसीमा और तेलंगाना में गरज, बिजली और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति तक पहुंचने वाली तेज हवाओं के साथ छिटपुट से लेकर काफी व्यापक हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है।ALSO READ: बेंगलुरु बारिश से बेहाल, कई इलाके पानी में डूबे, जगह-जगह ट्रैफिक जाम, 5 लोगों की मौत
 
पश्चिमी भारत, बिहार, बंगाल और उत्तराखंड तथा हिमाचल में बरसात : आईएमडी ने बताया कि कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 29 मई तक मौसम खराब रहने की संभावना है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बिहार में आंधी तूफान के साथ बारिश की संभावना है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तरप्रदेश में 29 मई तक आंधी, बिजली चलने की संभावना है। इन राज्यों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान में 29 मई तक दौरान आंधी, बिजली और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी तो पूर्वी राजस्थान में आंधी और तूफान आने की संभावना है।
 
मानसून अगले 2 से 3 दिनों में केरल में : दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 2 से 3 दिनों में केरल पहुंच सकता है। पूर्वी मध्य अरब सागर में दक्षिण कोंकण-गोवा तट के पास एक निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है। इसके उत्तर दिशा में बढ़ने और 23 मई तक एक दबाव (डिप्रेशन) में बदलने की संभावना है। पूर्वी मध्य अरब सागर में बने निम्न दबाव क्षेत्र से संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण से एक ट्रफ उत्तर तेलंगाना तक समुद्र तल से 1.5 से 5.8 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है। पंजाब और उससे सटे इलाकों में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
 
एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण पूर्वोत्तर मध्यप्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी उत्तरप्रदेश के ऊपर स्थित है। पंजाब के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण से मध्यप्रदेश तक दक्षिण हरियाणा होते हुए एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। पूर्वोत्तर असम के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण स्थित है। पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर 27 मई के आसपास एक निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जो 29 मई तक और अधिक प्रभावशाली हो सकता है।
 
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटे के दौरान तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। तटीय ओडिशा और दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 1-2 स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। पूर्वोत्तर भारत, तटीय आंध्रप्रदेश, दक्षिण-पूर्व गुजरात, कोंकण और गोवा, तेलंगाना, केरल, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पूर्वोत्तर बिहार और पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश हुई। राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण लू चली। लू की स्थिति राजस्थान, दक्षिण-पश्चिम उत्तरप्रदेश, दक्षिण हरियाणा और मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में बनी रही।ALSO READ: बेंगलुरु में 24 घंटों में 4 इंच बारिश, जगह जगह जलभराव से यातायात बाधित, IMD का और भी वर्षा का अलर्ट
 
आज शनिवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज शनिवार, 24 मई को कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 1-2 स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
 
उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। उत्तरप्रदेश, उत्तर मध्यप्रदेश और दक्षिण-पूर्व राजस्थान में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं।

गुजरात और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ एक-दो मध्यम बौछारें हो सकती हैं।
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं। राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण लू की स्थिति रही। दक्षिण-पश्चिम उत्तरप्रदेश, हरियाणा के कुछ हिस्सों और राजस्थान में लू की स्थिति बनी रही।(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta