1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Kolkata woman doctor case

Kolkata Doctor Case : कोलकाता की घटना पर टिप्पणी के लिए TMC का राहुल गांधी पर पलटवार

Rahul Gandhi
Kolkata woman doctor case : तृणमूल कांग्रेस ने यहां एक प्रशिक्षु डॉक्टर की कथित बलात्कार के बाद हत्या पर बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें केंद्र में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के दौरान महिला सुरक्षा के निराशाजनक रिकॉर्ड को ध्यान में रखना चाहिए।
 
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के बजाय आरोपियों को बचाने का प्रयास अस्पताल और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाता है। कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके राहुल ने कहा कि कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की जघन्य घटना से पूरा देश स्तब्ध है।
 
उन्होंने कहा कि उसके साथ हुए क्रूर और अमानवीय कृत्य के खुलासे से डॉक्टर समुदाय और महिलाओं में असुरक्षा का माहौल है। तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने आरोपों को निराधार बताया। घोष ने कहा, ऐसी टिप्पणी करने से पहले उन्हें तथ्यों की जांच करनी चाहिए। उन्हें (पूर्व प्रधानमंत्री) राजीव गांधी के शासनकाल और केंद्र में (पिछली) कांग्रेस सरकारों के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के बारे में निराशाजनक ट्रैक रिकॉर्ड को नहीं भूलना चाहिए।
महिला स्नातकोत्तर प्रशिक्षु डॉक्टर का शव नौ अगस्त की सुबह अस्पताल के सेमिनार हॉल में मिला था। इस अपराध के सिलसिले में शनिवार को एक स्वयंसेवक को गिरफ्तार किया गया। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मंगलवार को मामले की जांच कोलकाता पुलिस से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का आदेश दिया था। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Kolkata Doctor Case : CBI टीम ने शुरू की जांच, घटना स्‍थल का किया दौरा, मुख्य आरोपी को लिया हिरासत में