• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. is india responsible for Bangladesh flood
Last Modified: शनिवार, 31 अगस्त 2024 (07:33 IST)

बांग्लादेश में बाढ़ के लिए क्या भारत है जिम्मेदार, विदेश मंत्रालय ने दिया जवाब

bangladesh flood
Bangladesh flood : बांग्लादेश के कुछ हिस्सों में आई बाढ़ के लिए भारत को दोषी ठहराने संबंधी खबरों के बीच विदेश मंत्रालय ने इन्हें तथ्यात्मक रूप से गलत बताते हुए खारिज कर दिया। भारत ने दावा किया कि पूर्वी त्रिपुरा और पूर्वी बांग्लादेश में बाढ़ लगातार और अत्यधिक बारिश के कारण आई है।
 
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हमने बांग्लादेश में बाढ़ पर खबर देखी है, यह भ्रामक है और तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है और इसमें भारत सरकार द्वारा हाल में जारी प्रेस विज्ञप्तियों में उल्लेखित तथ्य की अनदेखी की गई है, जिसमें स्थिति को स्पष्ट किया गया है।
 
पिछले दिनों कुछ खबरों में दावा किया गया है कि बांग्लादेश के कुछ हिस्सों में बाढ़ भारत में एक बांध के गेट खोलने के कारण आई है। जायसवाल ने कहा कि पूर्वी त्रिपुरा और पूर्वी बांग्लादेश में बाढ़ लगातार और अत्यधिक बारिश के कारण आई है।
 
जायसवाल ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार और ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग के बीच हुई बातचीत का ब्योरा भी साझा किया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने हमारे संबंधों के कई पहलुओं पर चर्चा की थी। उन्होंने इस बारे में भी बात की कि भारत किस तरह बांग्लादेश के साथ मिलकर काम करना जारी रखना चाहेगा, ताकि दोनों देशों के लोगों की समृद्धि, सुरक्षा और विकास की साझा आकांक्षाओं को पूरा किया जा सके।
 
जमात-ए-इस्लामी बांग्लादेश पर प्रतिबंध हटाए जाने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हम इसे बांग्लादेश का आंतरिक मामला मानते हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta