बेहद खतरनाक चक्रवाती तूफान बनेगा ‘बिपरजॉय', IMD की चेतावनी
Cyclone Biparjoy : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के एक अधिकारी ने कहा कि अगले कुछ ही घंटों में बहुत गंभीर चक्रवात बिपरजॉय के अति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। चक्रवात के पोरबंदर तट से 200-300 किलोमीटर की दूरी से गुजरने का अनुमान है। इस वजह से अगले 5 दिनों के दौरान गुजरात में आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
आईएमडी ने कहा कि बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' के अगले कुछ ही घंटों में एक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। अगले तीन दिन के दौरान उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने से पहले इसके धीरे-धीरे उत्तर-उत्तरपूर्व की ओर बढ़ने का अनुमान है।
चक्रवाती तूफान पोरबंदर से 480 किमी दूर है। जैसे-जैसे यह आगे बढ़ेगा, बंदरगाह संकेत चेतावनी इसके अनुसार बदल जायेगी। चक्रवात के पोरबंदर से 200-300 किमी और नलिया (कच्छ) से 200 किमी की दूरी से गुजरने का अनुमान है। इसके गुजरात तट से टकराने की आशंका नहीं है।
गुजरात में कैसा रहेगा मौसम : चक्रवात की वजह से गुजरात में अगले 5 दिन में गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है, खासकर सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में हवा की गति तेज रहेगी। अगले दो दिनों के दौरान, सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में 30-40 किमी प्रति घंटे की हवा की गति देखी जा सकती है। इसके बाद, इस क्षेत्र में 30-50 किमी प्रति घंटे से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।VSCS BIPARJOY intensified into an ESCS at 0530IST today, about 480 km SSW of Porbandar, 530 km SSW of Dwarka and 610 km SSW of Naliya . To cross Saurashtra & Kutch and adj. Pakistan coasts bw Mandvi, Gujarat and Karachi, Pakistan around noon of 15th June as VSCS. pic.twitter.com/AZsK1Wqzqi
— India Meteorological Department (@Indiametdept) June 11, 2023
NDRF तैनात : NDRF के दलों को पोरबंदर, गिर सोमनाथ और वलसाड जिलों में भेज दिया है। भारतीय तटरक्षक बल ने गुजरात, दमन और दीव के मछुआरा समुदाय और नाविकों को जरूरी सावधानी बरतने और सुरक्षा उपाय करने की सलाह दी है। मछुआरों को अगले पांच दिन के दौरान अरब सागर में न जाने की चेतावनी दी गई है और मछली पकड़ने की सभी गतिविधियों को स्थगित कर दिया गया है।
बिपरजॉय की वजह से राजस्थान में बारिश : मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात बिपरजॉय के कारण अगले सप्ताह राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। 14-15 जून को राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी भागों में बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है। इस दौरान जोधपुर व उदयपुर संभाग के जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। 16-17 जून को राज्य में आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
Edited by : Nrapendra Gupta
Photo courtsey : India Meteorological Department twitter account
Photo courtsey : India Meteorological Department twitter account

