मध्यप्रदेश में अवैध रेत माफिया बेखौफ, ट्रैक्टर से ASI को कुचला, मौके पर मौत
- मध्यप्रदेश में नहीं थम रहे रेत माफियाओं के हमले
- हाल ही में एक पटवारी की रेत माफियाओं ने ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी थी
- बेखौफ हुए अवैध रेत माफिया, सरकारी अधिकारियों पर कर रहे हमले
क्या है पूरा मामला : ASI महेंद्र बागरी 2 अन्य पुलिसकर्मियों के साथ अवैध रेत का खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए गए थे। लेकिन अवैध रेत से लदे ट्रैक्टर चालक ने जैसे ही एएसआई को अपनी ओर आते देखा तो वह गाड़ी से कूदकर भाग गया और ट्रैक्टर ASI के ऊपर चढ़ गया।
इस घटना में ASI की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हाल ही में अवैध रेत के उत्खनन की कार्रवाई करने गए एक पटवारी की रेत माफियाओं ने ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी थी। मामला ब्यौहारी थाना क्षेत्र में रात 3 बजे का है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक और एडीजीपी डीसी सागर देर रात ही मौके पर पहुंच गए थे। एडीजीपी डीसी सागर ने बताया कि आरोपी चालक और ट्रैक्टर मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं ट्राली के मालिक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है और इसकी सूचना देने वाले को 30 हजार रुपए का इनाम देने की भी घोषणा एडीजीपी डीसी सागर ने की है।
उन्होंने बताया कि देर रात वारंट तामील करने के लिए आरोपी को पकड़ने हेतु टीम रवाना हुई थी, लेकिन मार्ग पर सामने की तरफ से अवैध रेत से लदा अनियंत्रित ट्रैक्टर आ रहा था, जिसे पुलिसकर्मियों द्वारा रोका गया लेकिन वह तेज गति से अनियंत्रित होकर वाहन चला रहा था और वाहन महेंद्र बागड़ी के ऊपर चढ़ गया जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई।
Edited By Navin Rangiyal

