धारावी परियोजना को लेकर फडणवीस ने की राहुल की आलोचना, बताया गरीब विरोधी
Devendra Fadnavis News : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर धारावी झुग्गी पुनर्विकास परियोजना के बारे में की गई टिप्पणी को लेकर गरीब विरोधी होने का आरोप लगाया। अमरावती में एक चुनावी रैली के दौरान गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि धारावी में करोड़ों रुपए की जमीन उद्योगपति गौतम अडाणी को दे दी गई।
वहीं आरोपों का जवाब देते हुए फडणवीस ने कहा कि कांग्रेस यह सुनिश्चित करना चाहती है कि गरीब लोग गरीब ही रहें। उपमुख्यमंत्री ने कहा, राहुल गांधी गरीब विरोधी हैं। वह नहीं चाहते कि धारावी के लोगों को घर मिले। (पूर्व प्रधानमंत्री) राजीव गांधी ने धारावी के लिए घोषणा की थी और उसके बाद ये लोग 25 साल तक सत्ता में रहे, लेकिन कोई काम नहीं हुआ।
उन्होंने दावा किया, धारावी को अडाणी को नहीं सौंपा गया है। इसे धारावी पुनर्विकास परियोजना (डीआरपी) को दिया गया है, जिसमें राज्य सरकार भी भागीदार है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है। उद्धव ठाकरे ने निविदा की शर्तें तय की थीं। राज्य विधानसभा चुनाव के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें