रविवार, 21 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Delhi records heatwave for 4th day on trot
Written By
Last Updated : रविवार, 10 अप्रैल 2022 (23:36 IST)

Weather update : दिल्ली में गर्मी ने मचाया कोहराम, IMD ने जारी की चेतावनी

Weather update : दिल्ली में गर्मी ने मचाया कोहराम, IMD ने जारी की चेतावनी - Delhi records heatwave for 4th day on trot
नई दिल्ली। दिल्ली में रविवार को लगातार चौथे दिन लू का प्रकोप जारी रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो दिन ऐसी ही स्थिति रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने दिल्ली में सोमवार के लिये 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है।
 
आईएमडी मौसम संबंधी चेतावनी के लिए चार तरह के अलर्ट जारी करता है। 'ग्रीन अलर्ट' में किसी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं होती। 'येलो अलर्ट' में सतर्क जबकि 'ऑरेंज अलर्ट' में तैयार रहने को कहा जाता है। 'रेड अलर्ट' जारी होने पर कार्रवाई करने की आवश्यकता होती है।
 
दिल्ली में इस साल अप्रैल में अब तक चार दिन लू दर्ज की गई है। इससे पहले साल 2017 में अप्रैल में इतने दिन लू दर्ज की गई थी। मैदानी इलाकों में, लू उस वक्त घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तथा सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहता है। तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहता है तो 'भीषण लू' घोषित की जाती है।
 
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेशन शहर का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतर स्थानों पर तामपान 42 डिग्री से ज्यादा रहा। सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है।
 
मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत के आसपास के हिस्सों में अप्रैल में अधिक भीषण और निरंतर लू की स्थिति रहने का अनुमान है। ‘स्काईमेट वेदर’ के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा कि अनुमान है कि अप्रैल के पहले 10 दिनों में उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के निशान को पार कर गया है।
 
पलावत ने कहा कि इस बात का अनुमान है कि दिल्ली में अप्रैल में लू के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक हो सकती है। 
 
हरियाणा-पंजाब में गर्मी का कहर : हरियाणा और पंजाब में रविवार को गर्मी का प्रकोप रहा और दोनों राज्यों के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया।
 
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के गुरुग्राम में भीषण गर्मी रही और तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नारनौल में भी अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और लुधियाना में 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों से दोनों राज्यों और चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।
ये भी पढ़ें
पीएम मोदी और राष्‍ट्रपति बाइडन के बीच आज वर्चुअल मुलाकात, रूस-यूक्रेन युद्ध पर भारत से क्या चाहते हैं अमेरिकी राष्ट्रपति?