1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Congress targeted BJP on Pegasus Scandal

Pegasus जासूसी कांड में कांग्रेस का सरकार पर हमला, गृहमंत्री अमित शाह से मांगा इस्तीफा

Pegasus Scandal
नई दिल्ली। पेगासस जासूसी मामले (Pegasus Scandal) में कांग्रेस ने सरकार पर जमकर निशाना साधा है। साथ ही गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफा भी मांगा है। दूसरी ओर, भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को बे‍बुनियाद बताया है। 
 
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार कानून और संविधान की हत्या कर रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार बेडरूम की बातें भी सुन रही है। राहुल गांधी समेत कई नेताओं और पत्रकारों की जासूसी कराई गई है। सुरजेवाला ने कहा कि बीजेपी का नाम भारतीय जासूस पार्टी कर देना चाहिए। उन्होंने दावा कि सुरक्षा महकमों के प्रमुखों की भी जासूसी की गई है। 
 
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह को इस्तीफा दे देना चाहिए साथ ही इस पूरे मामले में प्रधानमंत्री की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्‍वीट कर सरकार पर निशाना साधा है।
 
प्रियंका ने कहा कि पेगासस के जरिए जासूसी से जुड़े खुलासे बहुत ही घिनौनी कारगुजारियों की तरफ इशारा करते हैं। अगर ये सच है, तो मोदी सरकार संविधान द्वारा देशवासियों को दिए गए निजता के अधिकार पर गंभीर और खतरनाक हमला कर रही है। इससे लोकतंत्र तो नष्ट होगा ही, ये देशवासियों के निजता के अधिकार को कई स्तर पर नुकसान पहुंचाएगा।
 
शर्मनाक आरोप : हाल ही में मंत्री पद से हटाए गए भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा ये बेबुनियाद हैं। कांग्रेस स्तरहीन राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि फोन टैपिंग का कांग्रेस का पुराना इतिहास रहा है। इस मामले में अब तक एक भी सबूत सामने नहीं आया है।