1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Ceasefire violation by Pakistan in Noshera sector

पाकिस्तान ने फिर तोड़ा संघर्ष विराम, नौशेरा में अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी

Ceasefire violation
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के नियंत्रण रेखा से सटे नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों ने बुधवार को अग्रिम चौकियों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की। पुलिस ने बताया कि सीमा पार से सुबह लगभग नौ बजे गोलीबारी शुरू हुई जो लगभग एक घंटे तक चली।
 
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भारत के सैनिकों ने इसका जवाब दिया और दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी दस बजे तक जारी रही। उन्होंने बताया कि इसमें किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
 
इससे पहले, 23 दिसंबर को पाकिस्तान के सैनिकों ने राजौरी के केरी सेक्टर में सीमा पार से गोलीबारी की थी जिसमें भारत के चार जवान शहीद हो गए थे और एक जवान घायल हो गया था। भारतीय जवानों ने 25 दिसंबर को रावलकोट के रुख चखरी सेक्टर में बदले की कार्रवाई को अंजाम दिया था और तीन पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया था। एक पाकिस्तानी जवान घायल भी हुआ था।
 
पाकिस्तानी सैनिकों ने 24 दिसंबर को पुंछ जिले के शाहपुर सेक्टर में अग्रिम चौकियों और गांवों को निशाना बनाया था।
 
जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इस वर्ष संघर्ष विराम की कुल 881 घटनाएं हुई हैं जो बीते सात वर्ष में सर्वाधिक हैं। इन घटनाओं में 34 लोगों की जान गई है। अधिकारियों के मुताबिक 10 दिसंबर तक पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का 771 बार उल्लंघन किया। नवंबर माह के अंत तक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम का 110 बार उल्लंघन किया।
 
सीमापार से गोलीबारी की घटनाओं में 30 लोगों की जान गई जिनमें 14 सेना के जवान, 12 आम नागरिक और चार जवान बीएसएफ के थे। (भाषा)
 
अगला लेख
एनएसईएल पर ईडी ने कसा शिकंजा, 177 करोड़ की संपत्ति कुर्क