• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. By election results of 5 assembly seats of 4 states declared, AAP Italia wins in Gujarat
Written By
Last Modified: सोमवार, 23 जून 2025 (15:13 IST)

4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों के उपचुनाव परिणाम घोषित, गुजरात में आप के इटालिया जीते

Assembly by election results declared
Assembly by election results declared in 4 state: चार राज्यों में हुए उपचुनावों में गुजरात की विसावदार सीट पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा प्रत्याशी को हरा दिया, वहीं काडी सीट भाजपा बचाने में सफल रही। पंजाब के लुधियाना में आप ने जीत दर्ज की, वहीं केरल की नीलांबुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार ने जीत हासिल की। पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। हालांकि कुछेक सीट पर जीत की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। 
 
चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 19 जून को हुए थे। गुजरात, पश्चिम बंगाल और पंजाब में मौजूदा विधायकों के निधन के कारण एक-एक सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था, जबकि केरल और गुजरात में दो विधायकों के इस्तीफे के कारण मतदान कराया गया।
 
लुधियाना में आप की जीत : पंजाब में लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के भारत भूषण आशु को 10 हजार 600 से ज्यादा वोटों से हराया। अरोरा को 35 हजार 179 वोटल मिले, जबकि आशु को 24 हजार 542 वोट मिले। भाजपा के जीवन गुप्ता यहां 20 हजार से ज्यादा वो‍ट हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे। शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार परोपकार सिंह घुम्मण चौथे स्थान पर रहे। ‘आप’ के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के जनवरी में निधन के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी। 
 
गुजरात में एक सीट पर आप, एक पर भाजपा : गुजरात में विसावदार सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के कीर्ति पटेल को 17 हजार 554 वोटों से हराया। इटालिया को 75942 मिले। यहां तीसरे स्थान पर रहे कांग्रेस उम्मीदवार को मात्र 5501 वोट मिले। दूसरी ओर, भाजपा ने भी अपनी काडी सीट बरकरार रखी। अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित इस सीट पर भाजपा के राजेन्द्र चावड़ा उर्फ राजू भाई ने यह सीट 39452 वोटों से जीती। यहां कांग्रेस के रमेश भाई दूसरे स्थान पर रहे। 
 
केरल में कांग्रेस : केरल में पिनराई विजयन के नेतृत्व वाली लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) सरकार को करारा झटका देते हुए विपक्षी दलों के गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने नीलांबुर विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल की। कांग्रेस पार्टी नीत यूडीएफ के उम्मीदवार शौकत आर्यदान ने सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार एम स्वराज 11,077 वोटों से हराया। शौकत दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेस नेता आर्यदान मुहम्मद के पुत्र हैं, जबकि स्वराज माकपा के राज्य सचिवालय के सदस्य हैं। शौकत ने कहा कि परिणाम अपेक्षित था। उन्होंने केरल के लोगों की बदौलत जीत अपेक्षित थी जो एलडीएफ सरकार के खिलाफ बड़ी जीत है।
 
कालीगंज में तृणमूल : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में कालीगंज विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना जारी है, जिसमें तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार 19 हजार से अधिक मतों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि 19 दौर की गणना के बाद तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार अलीफा अहमद को  51334 वोटों से आगे हैं। उनकी जीत भी तय मानी जा रही है। यह सीट फरवरी में तृणमूल कांग्रेस के विधायक नसीरुद्दीन अहमद के अचानक निधन के कारण कालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। उनकी बेटी अलीफा अहमद (38) को तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर इस सीट से उतारा गया।
(एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
ये भी पढ़ें
मेरठ मेडिकल कॉलेज में सर्जरी के लिए भर्ती किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार