गुरुवार, 23 अक्टूबर 2025
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Another police officer commits suicide in Haryana, 3 cases in 10 days
Last Updated :चंडीगढ़ , शुक्रवार, 17 अक्टूबर 2025 (20:40 IST)

हरियाणा में एक और पुलिस अधिकारी ने खुदकुशी की, 10 दिन में 3 मामले

Police officer commits suicide in Haryana
Police officer commits suicide in Haryana: हरियाणा में एक और पुलिस अधिकारी ने आत्महत्या कर ली। 10 दिन में यह तीसरा मामला है। हालांकि इस बार मामला परिवारिक कलह से जुड़ा मामला है। फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या करने वाले एएसआई कृष्ण यादव ने अपनी मौत के लिए पत्नी और ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है। उल्लेखनीय है कि 7 अक्टूबर को एडीजीपी वाई पूरन कुमार ने अपने ही आवास पर खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। 
 
ताजा मामला रेवाड़ी का है, जहां 40 साल के एएसआई कृष्ण यादव फांसी के फंदे पर झूल गए। घटना स्थल से पुलिस को सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में कृष्ण ने पत्नी और सुसराल वालों को अपनी खुदकुशी के लिए जिम्मेदार ठहराया है। कृष्ण की पत्नी दिल्ली में पीजीटी टीचर है। घटना के समय कृष्ण अपने पैतृक गांव में थे। 
 
पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप : कृष्ण 2004 में सिपाही के रूप में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुऐ थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कृष्ण के शव को अस्पताल पहुंचाया फिर पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। कृष्ण यादव दो बच्चों का पिता था। डहीना चौकी प्रभारी रजनीश कुमार ने बताया कि मृतक कृष्ण ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा है। उन्होंने अपनी पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। नोट में लिखा है कि पत्नी बार-बार पुलिस में शिकायत कर परेशान करती है। पिता नरदेव की शिकायत पर पत्नी सहित 4 लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।
 
उल्लेखनीय है कि 10 दिन में हरियाणा में तीसरे पुलिस अधिकारी ने खुदकुशी की है। इससे पहले 7 अक्टूबर को चंडीगढ़ एडीजीपी पूरन कुमार ने सेक्टर-11 स्थित अपने आवास पर खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। इसके बाद रोहतक में साइबर सेल में कार्यरत एएसआई संदीप लाठर ने 14 अक्टूबर को मामा के खेत में बने कमरे में खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया था।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala