• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Bulldozer justice is unacceptable, it must stop: Priyanka Gandhi
Last Updated :नई दिल्ली , शनिवार, 24 अगस्त 2024 (16:02 IST)

बुलडोजर न्याय अस्वीकार्य, यह बंद होना चाहिए

मध्य प्रदेश के छतरपुर की घटना पर बोलीं प्रियंका गांधी

बुलडोजर न्याय अस्वीकार्य, यह बंद होना चाहिए - Bulldozer justice is unacceptable, it must stop: Priyanka Gandhi
Priyanka Gandhi Vadra on Chhatarpur Case: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को कहा कि देश में 'बुलडोजर न्याय' पूरी तरह अस्वीकार्य है और यह बंद होना चाहिए। उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की जब मध्य प्रदेश के छतरपुर में थाने पर पथराव की घटना के एक आरोपी की कोठी को बुलडोजर से तोड़ दिया गया।
 
यह अन्याय की पराकाष्ठा : प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि अगर कोई किसी अपराध का आरोपी है तो उसका अपराध एवं उसकी सजा सिर्फ अदालत तय कर सकती है, लेकिन आरोप लगते ही आरोपी के परिवार को सजा देना, उनके सिर से छत छीन लेना, कानून का पालन न करना, अदालत की अवहेलना करना, आरोप लगते ही आरोपी का घर ढहा देना- यह न्याय नहीं है। उन्होंने कहा कि यह बर्बरता और अन्याय की पराकाष्ठा है।
कानून बनाने और तोड़ने वालों में फर्क हो : कांग्रेस नेता के अनुसार, कानून बनाने वाले, कानून के रखवाले और कानून तोड़ने वाले में फर्क होना चाहिए। सरकारें अपराधी की तरह व्यवहार नहीं कर सकतीं। कानून, संविधान, लोकतंत्र और मानवता का पालन सभ्य समाज में शासन की न्यूनतम शर्त है। जो राजधर्म नहीं निभा सकता, वह न तो समाज का कल्याण कर सकता है, न ही देश का। प्रियंका गांधी ने कहा कि बुलडोजर न्याय पूरी तरह अस्वीकार्य है, यह बंद होना चाहिए।
 
क्या है पूरा मामला : हाल ही में महाराष्ट्र में इस्लाम के खिलाफ की गई टिप्पणी के विरोध में हाजी शहजाद अली सैकड़ों लोगों के साथ पुलिस पुलिस थाने पहुंचा था। पुलिस ने ज्ञापन भी ले लिया था, लेकिन इसके बाद अचानक भीड़ ने थाने पर पथराव कर दिया। बाद में पत्थरबाजों के नेता हाजी शहजाद अली की दस करोड़ की हवेली पर बुलडोजर चलाया गया। शहजाद अली कांग्रेस का नेता है और छतरपुर कांग्रेस का उपाध्यक्ष है। इस मामले में प्रशासन का दावा है कि हाजी शहजाद की ये हवेली सरकारी जमीन पर कब्जा करके बनाई गई थी। बुलडोजर की कार्रवाई में शहजाद की चार कारें भी चकनाचूर हो गईं। 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
ये भी पढ़ें
कर्नाटक में 24 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म, 2 गिरफ्तार