1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. buli bai main accuse arrested by mumbai police

Bulli Bai App : उत्तराखंड की महिला और इंजीनियर की थी शरारत, दोनों गिरफ्तार

Bully Bai
मुंबई। मुंबई साइबर पुलिस ने ‘बुली बाई (Bulli Bai)’ ऐप मामले के संबंध में उत्तराखंड से एक महिला को हिरासत में लिया और बेंगलुरु से इंजीनियरिंग के एक छात्र को गिरफ्तार किया है। माना जा रहा है कि हिरासत में ली गई महिला इस मामले में मुख्य आरोपी है।
 
इससे पहले पुलिस ने, ‘गिटहब’ मंच के ऐप पर ‘नीलामी’ के लिए मुस्लिम महिलाओं के चित्र डाले जाने की शिकायत प्राप्त होने के बाद अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी।

एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में मुंबई साइबर पुलिस के एक दल ने उत्तराखंड से एक महिला को हिरासत में लिया है जो मुख्य आरोपी है। अधिकारी ने इससे अधिक जानकारी देने से इंकार कर दिया।
उन्होंने कहा कि अपराध शाखा का एक दल उत्तराखंड में है और महिला से पूछताछ की जा रही है। अधिकारी ने कहा कि महिला को ट्रांजिट रिमांड के लिए एक अदालत में पेश किया जाएगा और इसके बाद मुंबई लाया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि मामले के संबंध में साइबर पुलिस ने बेंगलुरु से इंजीनियरिंग के 21 वर्षीय एक छात्र को भी गिरफ्तार किया जिसकी पहचान विशाल कुमार के रूप में की गई है।
 
उन्होंने कहा कि दोनों आरोपी एक-दूसरे को जानते हैं और इस मामले में आगे की जांच जारी है। मुंबई साइबर पुलिस थाने ने ऐप के डेवलपर और उसका प्रचार-प्रसार करने वाले ट्विटर हैंडल के विरुद्ध भी एक मामला दर्ज किया है।
 
यह मामला ‘बुली बाई’ नामक ऐप पर ‘नीलामी’ के लिए बिना इजाजत सैकड़ों मुस्लिम महिलाओं के छेड़छाड़ किए हुए चित्र और विवरण डालने का है। एक साल से भी कम समय में ऐसा दूसरी बार हुआ है। पिछले साल ‘सुल्ली डील्स’ नामक ऐप पर इसी प्रकार की सामग्री डाली गई थी।
अगला लेख
निर्यात में तेजी से शेयर बाजार को लगे पंख, सेंसेक्स एवं निफ्टी 1 प्रतिशत से अधिक की बढ़त पर रहे