राज्यवर्धन बोले, राहुल को लगता है कि उनका फोन टैप हुआ है तो वे उसे जांच एजेंसियों को सौंपें
प्रमुख बिंदु
- भाजपा की राहुल गांधी को नसीहत
- फोन टैपिंग का मामला
- राज्यवर्धन सिंह राठौर की सलाह
भाजपा प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए दावा किया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने अवैध तरीके से किसी का भी फोन टैप नहीं किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में जनता के द्वारा लगातार 2 बार खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस किसी न किसी बहाने संसद की कार्यवाही को बाधित करना चाहती है।
राहुल गांधी ने इसराइली स्पाइवेयर पेगासस का उपयोग करके भारत के कई प्रमुख व्यक्तियों की कथित तौर पर जासूसी किए जाने को 'राजद्रोह' करार देते हुए कहा था कि गृहमंत्री अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में न्यायिक जांच होनी चाहिए।
राठौर ने कहा कि राहुल गांधी को अपना फोन जांच एजेंसी को सौंप देना चाहिए और भारतीय दंड संहिता के तहत जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश का विकास बर्दाश्त नहीं कर सकती इसलिए कोई न कोई बहाना बनाकर वह संसद की कार्यवाही बाधित कर रही है।(भाषा)

