• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. bjp plan for 100th episode of PM Modi mann ki baat
Written By
Last Updated : रविवार, 30 अप्रैल 2023 (08:32 IST)

मन की बात का 100वां एपिसोड, क्या है भाजपा का प्लान

मन की बात का 100वां एपिसोड, क्या है भाजपा का प्लान - bjp plan for 100th episode of PM Modi mann ki baat
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात का आज 100वां एपिसोड प्रसारित होने जा रहा है। सरकार के साथ ही सत्तारुढ भाजपा ने भी आज कार्यक्रम को लेकर बड़ी तैयारी की है। पार्टी देशभर में सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम का प्रसारण करेगी। भाजपा के सभी सांसद और विधायक जनता के बीच रहकर पीएम मोदी के मन की बात सुनेंगे। संयुक्त राष्‍ट्र में भी मन की बात का प्रसारण होगा।
 
ज्यादा से ज्यादा लोग मन की बात सुन सके इसके लिए भाजपा ने हर विधानसभा क्षेत्र में औसतन 100 स्थानों पर सुविधाएं आयोजित करने की योजना बनाई है।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री ने देश की विविध भाषाई और क्षेत्रीय संस्कृतियों को भी एक साथ लाने का काम किया। उन्होंने लोगों से रविवार को प्रसारित होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 100वीं कड़ी को सुनने की अपील की। उन्होंने दुनिया को देश की समृद्ध विरासत और इतिहास से अवगत कराने का भी प्रयास किया।
 
भाजपा की झारखंड इकाई ने रविवार को प्रसारित होने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी को नौ हजार स्थानों पर सुनने की व्यवस्था की है। इसके प्रसारण से एक दिन पहले पार्टी ने राज्य में दीपोत्सव मनाया।
 
वित्त मंत्रालय ने 'मन की बात' की 100वीं कड़ी में 100 रुपए का स्मारक सिक्का जारी करने का फैसला किया है। गृहमंत्री अमित शाह मुंबई में, स्मृति ईरानी अमेठी में और राजनाथ सिंह दिल्ली में मन की बात सुनेंगे। यह एपिसोड टीवी चैनलों, निजी रेडियो स्टेशनों और सामुदायिक रेडियो सहित 1,000 से अधिक रेडियो स्टेशनों पर प्रसारित किया जाएगा।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी का अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सीधा प्रसारण किया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने इसे लेकर ट्वीट किया, ‘ऐतिहासिक क्षण के लिए तैयार हो जाइए।

प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 100वीं कड़ी का संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के ‘ट्रस्टीशिप काउंसिल चैंबर’ में 30 अप्रैल को सीधा प्रसारण किया जाएगा।’
 
‘मन की बात’ कार्यक्रम 3 अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ था और यह हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित होता है।
ये भी पढ़ें
आजमगढ़ में भीषण सड़क हादसा, 5 की मौत