1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Bjp on election in 11 states

लोकसभा के साथ 11 राज्यों में चुनाव नहीं कराएगी भाजपा

Bjp. loksabha election
नई दिल्ली। भाजपा ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि 11 राज्यों में लोकसभा चुनावों के साथ ही एक साथ विधानसभा चुनाव करवाने का मोदी सरकार का कोई इरादा नहीं है।
 
भाजपा के प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि भाजपा संभवत: 11 राज्यों में एक साथ चुनाव करवाना चाहती है। पार्टी ऐसी किसी भी भ्रांत धारणा को खारिज करती है। उन्होंने कहा कि एक देश एक चुनाव को लेकर भाजपा की वही भावना है जो हमारे अध्यक्ष अमित शाह ने विधि आयोग के अध्यक्ष को लिखे पत्र में व्यक्त की है।
 
डॉ. पात्रा ने कहा कि शाह ने पत्र में कहीं भी नहीं कहा है कि भाजपा 2019 में लोकसभा चुनावों के साथ 11 राज्यों में इकट्ठे विधानसभा चुनाव करवाना चाहती है।
 
उन्होंने कहा कि एक देश एक चुनाव का आजादी के बाद से ही चर्चा में रहा है। वर्ष 1967 तक देश में सभी चुनाव एक साथ ही हुआ करते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहती है कि इस मुद्दे पर देश में चर्चा हो और राजनीतिक दल एक आम सहमति पर पहुंचें।
 
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इस बारे में आम सहमति कायम करने की बात कई बार कही है। इसे सकारात्मक चर्चा के आह्वान के रूप में देखा जाना चाहिए। (वार्ता) 
अगला लेख
131 रणबांकुरों को वीरता पुरस्कार, शहीद औरंगजेब को शौर्य पुरस्कार