1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. batuk chaturvedi death writer

साहित्‍यकार बटुक चतुर्वेदी का निधन, मुख्यमंत्री समेत पाठकों ने किया दुख व्‍यक्‍त

Hindi literature
भोपाल, जाने माने साहित्यकार एवं मध्यप्रदेश लेखक संघ के संरक्षक बटुक चतुर्वेदी का निधन हो गया। उनके निधन से साहित्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई। विदिशा से ताल्लुक रखने वाले चतुर्वेदी का अंतिम संस्कार भोपाल में होगा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र ने भी ट्वीट के जरिए दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री चौहान ने अपने ट्वीट संदेश में कहा है कि मध्यप्रदेश लेखक संघ के संरक्षक, वरिष्ठ साहित्यकार बटुक चतुर्वेदी के निधन का दुखद समाचार मिला। साहित्य जगत के लिए यह अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र ने भी ट्वीट संदेश में दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि राष्ट्रवादी रचनाओं से काव्यमंच पर सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने वाले प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकार बटुक चतुर्वेदी के निधन की दुखद सूचना मिली है। ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति और उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को यह दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

बटुक चतुर्वेदी का बचपन विदिशा में बीता। स्कूली शिक्षा उन्होंने विदिशा में ही पूरी की। इसके बाद वे भोपाल चले गए। चतुर्वेदी विदिशा के प्राचीन गणेश मंदिर चिंतामणि गणेश के पुजारी परिवार से हैं। बटुक चतुर्वेदी के भतीजे विजय चतुर्वेदी और अश्विनी चतुर्वेदी विदिशा में ही रहते हैं।

उनके निधन की खबर के बाद साहित्‍य जगत में शोक की लहर है। फेसबुक से लेकर ट्व‍िटर तक उनके प्रशंसक और पाठक उनके निधन पर खेद व्‍यक्‍त कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
अगला लेख
ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन कोवीशील्ड को लेकर उठ रहे हर सवाल का एक्सपर्ट एक्सप्लेनर