दीपावली पर सस्ता हुआ हवाई सफर, जानिए कितने घटे दाम?
Air travel News : हवाई जहाज से यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। दीपावली के आसपास कई घरेलू मार्गों पर औसत हवाई किराए में पिछले साल की तुलना में 20-25 प्रतिशत की कमी आई है। ये कीमतें 30 दिनों की अग्रिम खरीद तिथि (एपीडी) के आधार पर एक तरफ के औसत किराए के लिए है।
एक विश्लेषण में यह जानकारी दी गई। इसके मुताबिक बढ़ी हुई क्षमता और तेल की कीमतों में हाल में आई गिरावट के चलते कीमतों में कमी आई है। यात्रा मंच इक्सिगो के विश्लेषण से पता चला कि घरेलू मार्गों पर औसत हवाई किराए में 20-25 प्रतिशत की गिरावट आई है। ये कीमतें 30 दिनों की अग्रिम खरीद तिथि (एपीडी) के आधार पर एक तरफ के औसत किराए के लिए है।
विश्लेषण में 2023 के लिए समय अवधि 10-16 नवंबर है, जबकि इस साल यह 28 अक्टूबर-तीन नवंबर है। इस साल बेंगलुरु-कोलकाता उड़ान के लिए औसत हवाई किराया 38 प्रतिशत घटकर 6,319 रुपए रह गया है, जो पिछले साल 10,195 रुपए था।
चेन्नई-कोलकाता मार्ग पर टिकट की कीमत 8,725 रुपए से 36 प्रतिशत घटकर 5,604 रुपए रह गई है। मुंबई-दिल्ली उड़ान के लिए औसत हवाई किराया 8,788 रुपए से 34 प्रतिशत घटकर 5,762 रुपए रह गया है। इसी तरह, दिल्ली-उदयपुर मार्ग पर टिकट की कीमतों में 34 प्रतिशत की कमी आई है और यह 11,296 रुपए से घटकर 7,469 रुपए रह गई है।
दिल्ली-कोलकाता, हैदराबाद-दिल्ली और दिल्ली-श्रीनगर मार्गों पर यह गिरावट 32 प्रतिशत है। इक्सिगो समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आलोक बाजपेई ने बताया कि पिछले साल दिवाली के आसपास हवाई किराए में सीमित क्षमता के कारण उछाल आया था, जिसका मुख्य कारण गो फर्स्ट एयरलाइन का निलंबन था।
बाजपेई ने बताया इस साल अतिरिक्त क्षमता जोड़ी गई है, जिससे अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में प्रमुख मार्गों पर औसत हवाई किराए में 20-25 प्रतिशत की सालाना आधार पर गिरावट आई है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
Edited By : Chetan Gour

