1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. air pollution in Delhi on Diwali

दिवाली पर कैसी है दिल्ली की हवा

Delhi
नई दिल्ली। दिल्ली की वायु गुणवत्ता सोमवार सुबह 'बहुत खराब' श्रेणी के नजदीक पहुंच गई। प्रतिकूल मौसम के कारण प्रदूषकों के एकत्र होने में मदद मिली जबकि पटाखों और पराली जलाने से होने वाले उत्सर्जन ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। दिल्ली में रविवार सुबह 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 259 रहा जो 7 वर्षों में दिवाली से एक दिन पहले का सबसे कम AQI है।
 
हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में लोगों के पटाखे जलाने के बीच तापमान और हवा की गति में कमी आने के कारण रात को प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। पराली जलाने की घटनाएं बढ़कर 1,318 हो गईं जो अभी तक इस मौसम की सबसे अधिक घटनाएं हैं। दिल्ली में सोमवार सुबह 6 बजे AQI 298 दर्ज किया गया।
 
शहर में 35 निगरानी केंद्रों में से 19 ने वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की जबकि आनंद विहार केंद्र ने प्रदूषण का गंभीर स्तर दर्ज किया।
 
पड़ोसी शहर गाजियाबाद (300), नोएडा (299), ग्रेटर नोएडा (282), गुरुग्राम (249) और फरीदाबाद (248) में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
 
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को "अच्छा", 51 से 100 को "संतोषजनक", 101 से 200 को "मध्यम", 200 से 300 को "खराब", 301 से 400 को "बहुत खराब" और 401 से 500 को "गंभीर" माना जाता है।
 
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान ने रविवार शाम को पंजाब में पराली जलाने की 902, हरियाणा में 217 और उत्तर प्रदेश में 109 घटनाएं दर्ज की।
अगला लेख
UK Election : पीएम पद की रेस से बोरिस जॉनसन हटे, ऋषि सुनक जीत के और करीब