1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. AAP targets BJP over demolition drive in Mehrauli

महरौली में विध्वंस अभियान को लेकर AAP ने साधा BJP पर निशाना, कहा- ऐसा अंग्रेजों के शासन में होता था...

Mehrauli
नई दिल्ली। दिल्ली के महरौली में विध्वंस अभियान को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि अंग्रेजों ने अपने शासन के दौरान जो किया, यह वही हो रहा है।
 
‘आप’ के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक ने भाजपा पर ‘जहां झुग्गी वहां मकान’ के अपने चुनावी वादे से मुकरने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह विधानसभा और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों में हार का बदला लेने के लिए अनधिकृत कॉलोनियों और झुग्गी-झोपड़ी वाले इलाकों में तोड़फोड़ कर रहे हैं।
 
पाठक ने आरोप लगाया, मैं नहीं समझता कि यह कभी आजाद भारत में हुआ है। यह अंग्रेजों के शासन में होता था। जिन लोगों ने 1857 के विद्रोह में स्वतंत्रता सेनानियों का समर्थन किया था, उन्हें फांसी दे दी गई थी और उनके घर तोड़ दिए गए थे। भाजपा भी यही कर रही है।
 
उन्होंने कहा कि वह इस मामले में अदालत का रुख करेंगे।
 
‘आप’ नेता ने कहा, हमारी पार्टी के विधायक नरेश यादव और सोमनाथ भारती को हिरासत में लिया गया है। हमारे पार्षद को भी हिरासत में लिया गया है। भाजपा विधानसभा और एमसीडी चुनावों में उसे नहीं चुनने के लिए लोगों से बदला ले रही है। उन्होंने मकान बनाने का वादा किया था, लेकिन वे झुग्गियां तोड़ रहे हैं। हम ऐसा नहीं होने देंगे।
 
पाठक ने कहा कि तुगलकाबाद और पंजाबी बाग के मादीपुर जैसे अन्य क्षेत्रों के निवासियों को भी तोड़फोड़ संबंधी नोटिस दिए गए हैं।Edited By : Chetan Gour (भाषा)
 
अगला लेख
Corona के टीकों से गंभीर बीमारियों का खतरा नहीं