• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. लंदन में फंसे 326 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया का विमान बेंगलुरु पहुंचा
Written By
Last Updated : सोमवार, 11 मई 2020 (11:58 IST)

लंदन में फंसे 326 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया का विमान बेंगलुरु पहुंचा

Air India | लंदन में फंसे 326 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया का विमान बेंगलुरु पहुंचा
बेंगलुरु। कोरोना वायरस महामारी की वजह से लंदन में फंसे 326 लोगों को लेकर एयर इंडिया का एक विमान सोमवार तड़के कैम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। एयर इंडिया का विमान तड़के 4 बजकर 45 मिनट पर हवाई अड्डे पर पहुंच गया। कोरोना योद्धाओं ने यात्रियों को चिह्नित क्वारंटाइन केंद्रों में भेजे जाने से पहले उनके स्वास्थ्य की जांच की।
कर्नाटक सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी 326 यात्रियों में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं पाए गए। इसके बाद उनके द्वारा चुने गए होटलों में उन्हें भेज दिया गया। राज्य प्रशासन ने कुछ रिजॉर्ट और होटलों को क्वारंटाइन केंद्र बनाया है जिसका इस्तेमाल खासतौर पर विदेश से लाए गए यात्रियों के लिए किया जा रहा है।
 
मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दूसरे राज्यों और विदेश से आ रहे लोगों को 14 दिन तक क्वारंटाइन में रहने और कोविड-19 जांच के बाद ही लोगों से मिलने दिया जाएगा। प्राथमिक जांच से गुजरने के शीघ्र बाद यात्रियों को बीएमटीसी की एक बस से पृथक केंद्रों में ले जाया गया। उन्होंने कहा कि जो लोग 5 सितारा होटल में रुकना चाहते हैं, उसका खर्चा उन्हें खुद ही वहन करना होगा।
 
स्वास्थ्यकर्मियों ने क्वारंटाइन में रहने वाले लोगों के लिए अतिरिक्त एहतियात बरतना शुरू किया है। उन्होंने लोगों से कर्नाटक सरकार द्वारा क्वारंटाइन में निगरानी के लिए तैयार क्वारंटाइन वॉच एप डाउनलोड करने के लिए कहा है ताकि वे नियम का उल्लंघन न कर सकें।
 
यह एप व्यक्ति के स्थान की जानकारी रखेगा और क्वारंटाइन में रह रहे लोगों के लिए रात तक प्रत्येक घंटे सेल्फी लेकर सरकार के पास भेजना अनिवार्य है। क्वारंटाइन नियम का उल्लंघन करने वाले लोगों को सजा का सामना करना पड़ेगा। (भाषा)
ये भी पढ़ें
चिदंबरम का बड़ा बयान, सड़क परिवहन और विमानन सेवा भी शुरू हो