शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. 12 more people die in Assam floods
Written By
Last Updated : गुरुवार, 23 जून 2022 (10:59 IST)

असम में बाढ़ से 12 की मौत, 55 लाख प्रभावित, ब्रह्मपुत्र और बराक नदियों का जलस्तर बढ़ा

असम में बाढ़ से 12 की मौत, 55 लाख प्रभावित, ब्रह्मपुत्र और बराक नदियों का जलस्तर बढ़ा - 12 more people die in Assam floods
गुवाहाटी। असम में बाढ़ की स्थिति बुधवार को भी बेहद गंभीर बनी रही। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ से राज्य में 12 और व्यक्तियों की मौत हो गई है जबकि 32 जिलों में 55 लाख लोग इससे प्रभावित हैं। अधिकारियों ने बताया कि राज्य की 2 प्रमुख नदियों ब्रह्मपुत्र और बराक का जलस्तर लगातार बढ़ने से नए इलाकों में बाढ़ का पानी भरने लगा है। होजाई में 4 लोगों की मौत हुई है जबकि बारपेटा और नलबाड़ी में 3-3 और कामरूप जिले में 2 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि राज्य में बाढ़ और भूस्खलन से अभी तक 101 लोगों की मौत हुई है।
 
अधिकारियों ने बताया कि बराक घाटी के 3 जिलों- कछार, करीमगंज और हैलीकांडी में हालत अभी भी गंभीर है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार राज्य के 36 में से 32 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं जिसके कारण 54,57,601 लोग बाढ़ की चपेट में हैं।

 
स्काईमेटवेदरडॉटकॉम के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों पर बना हुआ है। प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर-पश्चिमी राजस्थान पर बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र झारखंड और ओडिशा के आसपास के हिस्सों पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण गुजरात तट से केरल तट तक फैली हुई है।

 
पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, तटीय कर्नाटक, विदर्भ के कुछ हिस्सों, दक्षिण मध्यप्रदेश और झारखंड, राजस्थान, मराठवाड़ा और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश के शेष हिस्सों, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, तटीय आंध्रप्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों तथा पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। दक्षिण तमिलनाडु, पूर्वी मध्यप्रदेश, पूर्वी उत्तरप्रदेश और गुजरात को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में हल्की बारिश हुई।

 
अगले 24 घंटों के मौसम की संभावना: अगले 24 घंटों के दौरान, सिक्किम, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, असम के कुछ हिस्सों, मेघालय, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
 
ओडिशा, दक्षिण छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र तटीय कर्नाटक और दक्षिण गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश संभव है। शेष पूर्वोत्तर भारत, बिहार के कुछ हिस्सों, झारखंड, पश्चिम बंगाल, आंतरिक ओडिशा, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, केरल, आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप, दक्षिण गुजरात और पश्चिमी हिमालय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में हल्की बारिश संभव है। पश्चिमी हिमालय, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, कच्छ, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों, झारखंड के पश्चिमी हिस्सों और बिहार के अधिकांश हिस्सों में कम से कम अगले 3 से 4 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।(फ़ाइल चित्र)