1. समाचार
  2. विधानसभा चुनाव 2019
  3. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019
  4. मैं 40,000 करोड़ रुपए की केंद्रीय निधि बचाने के लिए नहीं बना था मुख्यमंत्री : देवेंद्र फडणवीस

मैं 40,000 करोड़ रुपए की केंद्रीय निधि बचाने के लिए नहीं बना था मुख्यमंत्री : देवेंद्र फडणवीस

Devendra Fadnavis
मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े के दावों को खारिज करते हुए कहा कि 40,000 करोड़ रुपए की केंद्रीय निधि को बचाने के लिए मुख्यमंत्री पद की दोबारा शपथ नहीं ली थी।
 
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने दावा किया था कि उनकी पार्टी के देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री के नियंत्रण वाली 40,000 करोड़ रुपए की केंद्रीय निधि का ‘दुरुपयोग’ होने से ‘बचाने’ के लिए बहुमत न होने के बावजूद पिछले महीने महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया गया था।
 
दावों को खारिज करते हुए फडणवीस ने कहा कि न ही केन्द्र ने किसी कोष की मांग की और न ही महाराष्ट्र सरकार ने कोई राशि लौटाई ।
 
फडणवीस ने नागपुर में कहा कि यह बिलकुल गलत है और मैं इसे पूरी तरह खारिज करता हूं। केंद्र सरकार की एक कम्पनी बुलेट ट्रेन परियोजना ला रही है, जहां महाराष्ट्र सरकार की भूमिका भूमि अधिग्रहण तक सीमित है। केन्द्र ने न ही किसी कोष की मांग की और न ही महाराष्ट्र सरकार ने उसे वापस किया।
महाराष्ट्र के साथ हुआ विश्वासघात : शिवसेना ने भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े के दावे को महाराष्ट्र के साथ विश्वासघात बताया।
 
फडणवीस के इस कथित कृत्य को विश्वासघात बताते हुए शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि फडणवीस और भाजपा महाराष्ट्र के लोगों के ‘अपराधी’ हैं। राउत ने बताया कि राज्य के मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे इस मुद्दे के बारे में बात करेंगे। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Hyderabad case : दुष्कर्मियों को भीड़ के हवाले कर दो, गुस्साई जया बच्चन संसद में बोलीं